पाकिस्तानी अफसर का खिल्ली उड़ाने वाला दावा, ‘राफेल गिराया और भारत का पूरा नेटवर्क ठप कर दिया’
मई 2025 में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ऐतिहासिक 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान मात खाने के बाद पाकिस्तान अपनी साख बचाने के लिए अजीबोगरीब प्रोपेगैंडा का सहारा ले रहा है।
पिछले साल भारत के साथ हुए सैन्य टकराव में मुंह की खाने के बाद पाकिस्तानी हुक्मरान और सैन्य अधिकारी लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जो उनकी इज्जत बचाने के बजाय पूरे पाकिस्तानी सैन्य तंत्र का मखौल उड़वा रहे हैं। इसी कड़ी में पाकिस्तानी वायु सेना (PAF) के एक अधिकारी का ताजा वीडियो इंटरव्यू इंटरनेट पर सामने आया है, जिसके बेतुके दावों ने सोशल मीडिया पर मीम्स और हंसी की बाढ़ ला दी है।
पाकिस्तानी अधिकारी ने फिर अलापा राफेल गिराने का पुराना राग
वायरल हो रहे वीडियो में पाकिस्तानी वायु सेना का अधिकारी अपनी सेना की साइबर विंग को इलाके की सबसे घातक शक्ति बताते हुए बड़े-बड़े डींगें हांकता नजर आ रहा है। अधिकारी ने भारत के सबसे आधुनिक लड़ाकू विमान राफेल को मार गिराने का वही पुराना और खारिज हो चुका झूठा प्रोपेगैंडा दोहराया। उसने दावा किया कि इस कथित हमले के जरिए पाकिस्तानी सेना ने अपने प्रतिद्वंद्वी को पूरी तरह लाचार और पंगु बना दिया था। हालांकि, रक्षा विशेषज्ञ पहले ही पाकिस्तान के इन आधारहीन दावों की पोल खोल चुके हैं।
एयर चीफ जहीर बाबर को दिया श्रेय: डैम खोलने और स्पेस वॉरफेयर का अजीब दावा
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए इस अधिकारी ने ऐसे दावे किए जिन्हें सुनकर कोई भी हैरान रह जाए। उसने कहा कि पाकिस्तान ने विरोधी देश के पूरे नेटवर्क को ठप कर दिया था, उनके बांधों (डैम) के गेट खोल दिए थे, बिजली ग्रिड बंद कर दी थी और सभी इलेक्ट्रॉनिक लिंक्स काट दिए थे। हद तो तब हो गई जब उसने दावा किया कि पाकिस्तान ने स्पेस के जरिए सैटकॉम (सैटेलाइट कम्युनिकेशन) लिंक्स को पूरी तरह बेकार कर दिया था। अधिकारी ने इस पूरी 'काल्पनिक जीत' और योजना का सेहरा पाकिस्तान एयरफोर्स चीफ एयर मार्शल जहीर बाबर सिद्धू के सिर बांधते हुए कहा कि उन्हीं के नेतृत्व में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
अंतरिक्ष में दम नहीं, फिर भी स्पेस वॉर के दावे: यूजर्स ने जमकर उड़ाया मजाक
पाकिस्तानी अधिकारी के इन दावों के सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे हाथों-हाथ लिया और जमकर खिंचाई शुरू कर दी। लोगों का कहना है कि जिस देश के पास अपने दम पर एक बुनियादी उपग्रह अंतरिक्ष में भेजने तक की तकनीक और क्षमता नहीं है, वह अंतरिक्ष से सैटेलाइट लिंक तबाह करने और साइबर हमले से भारत जैसे विशाल देश के डैम खोलने जैसी हास्यास्पद कहानियां गढ़ रहा है। रक्षा विश्लेषकों का मानना है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' में मिली करारी हार और जनता के गुस्से से ध्यान भटकाने के लिए पाकिस्तानी सेना इस तरह की मनगढ़ंत पटकथाओं के जरिए अपनी आवाम को बहलाने की नाकाम कोशिश कर रही है।