75 गेंदों में शतक ठोक रोहित शर्मा ने खोला दिल का राज, 2027 वर्ल्ड कप को लेकर कर दिया बहुत बड़ा ऐलान
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज और 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने साफ कर दिया है कि उनका अगला बड़ा मिशन साल 2027 में होने वाला आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप है। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके 39 वर्षीय रोहित इस समय सिर्फ 50 ओवर के प्रारूप में टीम इंडिया के लिए सक्रिय हैं। रोहित की कप्तानी में भारत ने 2024 का टी20 वर्ल्ड कप और 2025 की आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की थी मगर 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार की टीस अब भी बाकी है। यही वजह है कि रोहित अब एक खिलाड़ी के तौर पर 50 ओवर का वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा करने के लिए जी-जान लगा रहे हैं।
गुवाहाटी में 75 गेंदों पर ठोका शतक
रोहित शर्मा का बल्ला इन दिनों जमकर आग उगल रहा है। बुधवार को असम के गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के विरुद्ध खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में रोहित ने महज 75 गेंदों पर 101 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेली। इस मैच में कप्तान शुभमन गिल के नाबाद दोहरे शतक (133 गेंदों में 223 रन) और रोहित के इस शतक की बदौलत Team India ने 406 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस धमाकेदार पारी ने साबित कर दिया कि बढ़ती उम्र के बावजूद उनकी बल्लेबाजी की धार और मैच जिताने की क्षमता पहले जैसी ही घातक है।
वर्ल्ड कप जीतने के एहसास की कोई बराबरी नही- हिटमैन
वेस्टइंडीज के विरुद्ध मुकाबले से पहले जियोस्टार पर बातचीत के दौरान जब रोहित से पूछा गया कि 2027 का वनडे वर्ल्ड कप उनके लिए क्या मायने रखता है, तो उन्होंने खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। रोहित ने कहा कि भारत के लिए वर्ल्ड कप जीतने से बढ़कर कोई अहसास नहीं होता। उन्होंने बताया कि साल 2007 में जब वह 20 साल के थे, तब उन्होंने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था। इसके बाद 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी आई मगर अगले 11 सालों तक कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं मिली। रोहित के मुताबिक, जब 2024 में टीम ने टी20 विश्व कप जीता, तब समझ आया कि उस जीत की कितनी जरूरत थी। वह खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती और वह उसी खास अहसास को 2027 में एक बार फिर जीना चाहते हैं।
2027 पर पूरा फोकस
भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए रोहित ने साफ किया कि वह अक्टूबर 2027 को लेकर अभी से खुद पर दबाव नहीं बनाना चाहते। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से इतना सक्षम बनाए रखना है कि वह 2027 तक Team India के लिए शानदार प्रदर्शन कर सकें। रोहित ने स्पष्ट किया कि बहुत आगे की सोचने से उनके खेल में सुधार नहीं होगा, बल्कि जो मुकाबले अभी सामने हैं, उन पर ध्यान देना जरूरी है। हिटमैन ने बताया कि वह अपनी फिटनेस और बैटिंग पर दिन पर दिन कड़ी मेहनत कर रहे हैं और टीम में युवा खिलाड़ियों की मदद करने के साथ जरूरत पड़ने पर अपना इनपुट देते रहेंगे।