सिकंदर रजा के हाथों में कप्तानी, 39 साल के स्पिनर की वापसी; जानें पूरी टीम
नामीबिया की धरती पर होने वाली आगामी T20 ट्राई सीरीज के लिए जिम्बाब्वे ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। साउथ अफ्रीका और मेजबान नामीबिया के खिलाफ होने वाले इस अहम टूर्नामेंट में टीम की बागडोर स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा के हाथों में सौंपी गई है।
पांच महीने बाद मैदान पर दिखेगा क्रेमर का जलवा
टीम चयन की सबसे बड़ी हाईलाइट अनुभवी लेग स्पिनर ग्रेम क्रेमर की वापसी रही है। 39 साल के क्रेमर फरवरी में खेले गए T20 वर्ल्ड कप के दौरान हाथ में लगी चोट के चलते पिछले पांच महीनों से क्रिकेट से दूर थे। चोट से पूरी तरह उबरने के बाद चयनकर्ताओं ने उनके अनुभव पर फिर से भरोसा जताया है।
चोटों से परेशान तेज गेंदबाजी आक्रमण
स्पिन विभाग मजबूत होने के बावजूद जिम्बाब्वे की तेज गेंदबाजी को झटके लगे हैं। टेस्ट और वनडे प्रारूप के कप्तान रिचर्ड नगारवा पीठ की समस्या के कारण इस सीरीज से बाहर रहेंगे। वहीं सर्जरी से गुजरने वाले तेज गेंदबाज तनाका चिवांगा भी चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। बोर्ड की नजर नगारवा की रिकवरी पर टिकी है ताकि वह सितंबर में होने वाली आगामी सीरीज तक पूरी तरह फिट हो सकें।
टेलर को मौका नहीं, युवा चेहरों पर दांव
अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर को एक बार फिर T20 टीम में जगह नहीं मिल पाई है। वे हालिया द्विपक्षीय सीरीज में भी सबसे छोटे प्रारूप से बाहर रहे थे, हालांकि टेस्ट टीम में उनका चयन लगातार बना हुआ है। टीम मैनेजमेंट ने इस बार युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन को प्राथमिकता दी है।
विंडहोक में 28 अगस्त से घमासान
यह त्रिकोणीय सीरीज 28 अगस्त से नामीबिया के विंडहोक में खेली जाएगी। टूर्नामेंट डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट पर आधारित होगा, जहां हर टीम एक-दूसरे से दो-दो मुकाबले खेलेगी। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमों के बीच 6 सितंबर को फाइनल खेला जाएगा।
T20I के लिए जिम्बाब्वे का स्क्वॉड
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रेम क्रेमर, बेन करन, ब्रैड इवांस, इनोसेंट कैया, वेस्ली मधेवेरे, तादिवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, कुंडई मातिगिमु, ब्लेसिंग मुजरबानी, डियोन मायर्स, न्यूमैन न्यामहुरी, तफाद्जवा त्सिगा।