जहीर खान का बड़ा दांव: खर्च की मोटी रकम और बने इस टीम के नए मालिक
जब भारतीय क्रिकेट के दिग्गज मैदान छोड़ते हैं तो वो घर नहीं बैठते बल्कि नई पारियां शुरू करते हैं। आपने सचिन और युवी को क्रिकेट लीग में निवेश करते देखा होगा लेकिन आज की सबसे बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़ हमारे जहीर खान को लेकर है।
भारत के सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजों में शुमार जहीर खान ने अब श्रीलंका की टी20 लीग में एक बड़ा धमाका किया है। उन्होंने लंका प्रीमियर लीग की सबसे धाकड़ टीम में अपना पैसा लगाया है और अब वह इस फ्रेंचाइजी के मालिक बन गए हैं।
बिजनेस की पिच पर सटीक यॉर्कर
गर आप क्रिकेट को करीब से फॉलो करते हैं तो आपको पता होगा कि लंका प्रीमियर लीग में जाफना की टीम का कितना खौफ है। साल 2020 में लीग शुरू होने के बाद से यह टीम चार बार चैंपियन बन चुकी है। इसी चैंपियन टीम को स्वीडन की कंपनी एंकर स्पोर्ट्स ने खरीदा है और नागेंद्र सिद्दौतम के इस ग्रुप ने जहीर खान को अपने साथ टीम का सह मालिक बनाया है। अब इस टीम का नया नाम एंकर जाफना किंग्स हो गया है।
यह खबर इसलिए भी दिलचस्प लग रही है क्योंकि जहीर खान का दिमाग क्रिकेट के मैदान पर कितना तेज था यह हम सब जानते हैं। अब वही दिमाग इस टीम को और भी खतरनाक बनाएगा। एंकर स्पोर्ट्स ग्रुप क्रिकेट बाजार का कोई नया खिलाड़ी नहीं है। ये लोग पहले से ही कनाडा और यूरोप की टी20 लीग में अपनी धाक जमा चुके हैं।
इस सीजन में भी टीम का दबदबा कायम
जाफना की टीम का जलवा इस साल भी देखने को मिल रहा है। टीम ने आठ में से पांच मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप किया है। अब सीधा क्वालीफायर एक में उनका सामना गाले जायंट्स से होगा। जो जीतेगा वो आठ अगस्त को कोलंबो में होने वाले ग्रैंड फाइनल का टिकट कटाएगा। आपको याद दिला दूं कि हमारे भारतीय स्पिनर पीयूष चावला भी इसी टीम की जर्सी में अपना जादू दिखा चुके हैं।