img

मणिपुर पुलिस ने 4 मई को राज्य के कांगपोकपी जिले में दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने के मामले में छठे आरोपी को अरेस्ट किया है। अफसरों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अरेस्ट शख्स एक किशोर है। पुलिस ने बुधवार को भयावह घटना का 26 सेकेंड का वीडियो सामने आने के बाद एक दिन गुरुवार को इस मामले में पहली अरेस्टी की थी। इसके बाद गुरुवार को ही तीन और लोगों को अरेस्ट किया गया। पांचवें आरोपी 19 साल के युवक को शनिवार को अरेस्ट किया गया था।

जिन दो महिलाओं के साथ यह शर्मनाक घटना हुई उनमें से एक भारतीय सेना के पूर्व जवान की पत्नी भी है, जिसने असम रेजीमेंट में सूबेदार के रूप में सेवाएं दी थी। कारगिल युद्ध में भी अहम हिस्सा लिया था। मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की बहुसंख्यक समुदाय की मांग के विरोध में पहाड़ी जिलों में 3 मई को आदिवासी एकजुटता मार्च के आयोजन के बाद राज्य में भड़की जातीय हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

राज्य की आबादी में मैती समुदाय के लोगों की संख्या लगभग 53% है और वे ज्यादातर इंफाल घाटी में रहते हैं, जबकि नगा और कुकी समेत आदिवासियों की आबादी 40% है जो कि पहाड़ी जिलों में रहते हैं। मणिपुर में दो महिलाओं की बर्बरता का वीडियो सामने आने के बाद हालात तनावपूर्ण बने हैं। राज्य में कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

पुलिस ने बताया कि सुरक्षाकर्मी कई संदिग्ध ठिकानों पर छापामारी कर इस घटना के बाकी बचे आरोपियों को अरेस्ट करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मणिपुर पुलिस ने बताया कि इस घटना में अब तक छह लोगों को अरेस्ट किया जा चुका है। इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने घाटी व पहाड़ी दोनों जिलों के संवेदनशील और सीमांत क्षेत्रों की छापेमारी की है। 

--Advertisement--