
शिमला, 12 सितंबर, यूपी किरण हिमाचल में शनिवार को कोरोना ने नया रिकार्ड बना दिया। यहां शनिवार को पहली बार 445 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में कोरोना मामलों की सर्वाधिक संख्या है और इसी के साथ प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा नौ हजार पार कर गया है। वहीं इससे पहले छह सितंबर को 397 मरीजों की पुष्टि हुई थी। आपको बता दे बीते 72 घंटों के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। इस दौरान 1080 संक्रमितों की पुष्टि हुई है।
और 10 ने दम तोड़ा है। फिलहाल राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 3194 हो गई है। अब तक 5947 मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। शनिवार को 123 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती। प्रदेश में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर 64 फीसदी है। हालांकि दो सप्ताह पहले यह दर 74 फीसदी पहुंच गई थी। पिछले कुछ दिनों से हिमाचल में हर दिन दर्ज होने वाले कोरोना मामलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रोजाना सैंकड़ों पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। इस खतरनाक वायरस से राज्य में 71 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को दो मरीजों की जान गई। दोनों मौतें उना जिला में हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग के रात 9 बजे के बुलेटिन के मुताबिक लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य सभी 11 जिलों में शनिवार को कोरोना के पॉजिटिव केस उजागर हुए हैं। मंडी और कांगड़ा में कोरोना का बड़ा विस्फोट हुआ। मंडी में सबसे ज्यादा 91, कांगड़ा में 87, सोलन में 61, उना में 58, सिरमौर में 48, शिमला में 43, बिलासपुर में 35, चंबा में 9, हमीरपुर में 6, किन्नौर में 5 और कुल्लू में 2 हैं। प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 9229 पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव निपुण जिंदल ने बताया कि सोलन जिला में कोरोना संक्रमितों की संख्या दो हजार पार कर गई है।
यहां अब तक कुल 2072 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। कांगड़ा में यह संख्या 1433, सिरमौर में 1195, उना में 803, मंडी में 763, हमीरपुर में 734, चंबा में 627, शिमला में 583, बिलासपुर में 496, कुल्लू में 383, किन्नौर में 121 और लाहौल-स्पीति में 19 पॉजिटिव मामले हैं। राज्य में अब तक 244213 लोगों के कोरोना टैस्ट किए जा चुके हैं। इनमें 233647 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव रही। कोरोना के ताजा आंकड़े प्रदेश में सामुदायिक संक्रमण का इशारा कर रहे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल भी विधानसभा में इस बात को स्वीकार कर चुके हैं। ऐसे में लोगों को अब और अधिक सावधान होने की जरूरत है।