नई दिल्ली॥ COVID-19 का गढ़ बन चुके यूएसए के प्रेसिडेंट ट्रम्प इस महामारी से मुकाबला करने के लिए पीएम मोदी की राह पर चलते नजर आ रहे हैं। कोरोना संकट को ठीक से नहीं संभालने के लिए विपक्षी डेमोक्रैटिक पार्टी की आलोचना झेल रहे अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह इस महामारी से निपटने के दौरान जान और जहान दोनों का ध्यान रखेंगे।
ट्रम्प ने ट्वीट करके कहा कि डेमोक्रैटिक पार्टी के नेता कह रहे हैं कि ट्रम्प बहुत जल्दी अमेरिकी अर्थव्यवस्था को खोलने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन अगर मैं थोड़ा और समय लेता हूं तो वे (डेमोक्रैट्स) जोर-जोर से चिल्लाएंगे कि मैं धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा हूं। यह उनके लिए राजनीतिक चर्चा के बिंदू हैं। मेरे लिए यह जीवन और हमारे देश के भविष्य का मामला है।
इससे पहले पीएम मोदी ने COVID-19 के कारण 21 दिनों का लॉकडाउन आज खत्म होने के बाद इसे 3 मई तक के लिए बढ़ाने का फैसला किया था। PM मोदी ने इसके साथ ही कहा था कि 20 अप्रैल के बाद कुछ जरूरी गतिविधियों में ढील दी जा सकती है, जिसमें आर्थिक गतिविधियां भी शामिल हो सकती हैं। इनकी कुछ शर्तें होंगी।
पीएम नरेंद्र मोदी के इस ऐलान के बाद अब हिंदुस्तान में 20 अप्रैल से कई छूट दी गई है। इसमें स्वास्थ्य सेवाएं फंक्शनल रहेंगी। सभी तरह की कृषि, हॉर्टिकल्टर गतिविधियां की जा सकेंगी। मछलीपालन से जुड़ी गतिविधियों (मरीन या इनलैंड) का संचालन किया जा सकेगा। चाय, कॉफी, रबड़ आदि का प्लांटेशन किया जा सकेगा। लेकिन इसके लिए 50 फीसदी वर्करों के साथ काम की इजाजत होगी। पशुपालन किया जा सकेगा और वित्तीय क्षेत्र का कामकाज जारी रहेगा।