शाहजहांपुर में 6 साल की बच्ची से दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार; पहले भी जा चुका जेल
शाहजहांपुर। तिलहर क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह देखने गई छह वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने बच्ची को बहाने से दुकान पर भेजकर घर के अंदर खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर खून से लथपथ हालत में बच्ची घर पहुंची और मां को पूरी बात बताई। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की मां के अनुसार, मंगलवार रात गांव में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिसे देखने उनकी छह वर्षीय बेटी गई थी जो कक्षा एक में पढ़ती है। वहां मौजूद लखोहा गांव निवासी रामौतार ने बच्ची से दुकान से बीड़ी का बंडल लाने को कहा। आरोप है कि जब बच्ची सामान लेकर लौटी तो रामौतार ने उसे गलत इरादे से पकड़ लिया और घर के भीतर ले जाकर दुष्कर्म किया। इस दौरान बच्ची को गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। किसी तरह बचकर घर पहुंची बच्ची की हालत देख परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर दिल्ली में काम कर रहे बच्ची के पिता बुधवार को घर लौटे और गुरुवार को परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
इस घटना के बाद गांव में आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदात कर चुका है और पिछले साल अपनी सगी भतीजी के साथ गलत हरकत करने के मामले में जेल जा चुका है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि पूर्व में गंभीर अपराध में जेल जा चुके आरोपी के बाहर आने के बाद उसकी गतिविधियों पर नजर क्यों नहीं रखी गई और पुराने मामले की भी जांच होनी चाहिए।
गुरुवार को कोतवाली पहुंचे माता-पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाल प्रभाष चंद्र ने आरोपी रामौतार के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस की दो टीमों ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। शाम को फोरेंसिक टीम ने भी गांव पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और कठोर सजा की मांग की जा रही है।