हल्द्वानी में दिल दहला देने वाली घटना: 10वीं के छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखी ये बात
कुसुमखेड़ा क्षेत्र स्थित आरके टैंट हाउस रोड पर रहने वाले एक डॉक्टर दंपति के 15 वर्षीय बेटे ने गुरुवार शाम घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक किशोर बिड़ला स्कूल में कक्षा दसवीं का छात्र था। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था और परिजनों के लौटने पर प्रकरण सामने आया। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान घटनास्थल से अंग्रेजी में लिखा दो पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया। परिवार मूल रूप से शांतिपुरी का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार कुसुमखेड़ा निवासी डॉ. मनोज कांडपाल पूर्व में नगर स्वास्थ्य अफसर रह चुके हैं और मौजूदा वक्त में जिला सर्विलांस अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी डॉ. ऐश्वर्या कांडपाल हल्द्वानी महिला अस्पताल में वरिष्ठ महिला चिकित्सा अधिकारी हैं। दंपति का छोटा बेटा रुद्र दसवीं में पढ़ता था और उसका बड़ा भाई बिड़ला स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे रुद्र ने घर के भीतर सीढ़ियों पर लगी स्टील की रेलिंग में जंजीर के सहारे फंदा लगा लिया। जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो उसे लटका देख तुरंत अस्पताल ले गए, मगर तब तक देर हो चुकी थी। इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसर गया है।
तफ्तीश में सामने आए दो पन्नों के सुसाइड नोट में किशोर ने माता-पिता के प्रति गहरा स्नेह और अपने भीतर चल रही पीड़ा का जिक्र किया है। उसने लिखा कि उसके माता-पिता बेहद अच्छे हैं और वह उनसे बहुत प्यार करता है, भले ही यह बात वह कह नहीं पाया। उसने पिता से किसी तरह की शिकायत न होने और माता-पिता दोनों के प्यार का जिक्र करते हुए लिखा कि अब हालात उसके नियंत्रण से बाहर हो गए हैं और वह आगे संघर्ष नहीं कर पा रहा है।
किशोर ने नोट में स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति, परीक्षा या बाहरी कारण से उसने यह कदम नहीं उठाया, बल्कि अपनी मानसिक परेशानी की वजह से यह फैसला किया और इसकी पूरी जिम्मेदारी उसकी अपनी है। उसने परिवार के सदस्यों से आपस में या किसी अन्य को दोष न देने की अपील भी की, भाई के सहयोग को याद किया और दादा-दादी के अच्छे स्वास्थ्य व खुश रहने की कामना की।
किशोर ने सुसाइड नोट में यह भी लिखा कि वह पिछले कई महीनों से भावनात्मक रूप से परेशान था और खुद को संभालने का निरंतर प्रयास करता रहा, मगर कामयाब नहीं हो सका। बिड़ला स्कूल के शिक्षकों के मुताबिक रुद्र काफी मिलनसार स्वभाव का था और एथलेटिक्स में भी अच्छा प्रदर्शन करता था। वह बुधवार को नियमित रूप से स्कूल गया था, मगर गुरुवार को स्कूल नहीं पहुंचा था। इस दुखद घटना के बाद यह सवाल भी बने हुए हैं कि आखिर किस मानसिक या भावनात्मक उलझन से वह जूझ रहा था, कौन सी बात उसके नियंत्रण से बाहर हो गई थी, सुसाइड जैसी स्थिति क्यों बनी और नोट में दवाई से जुड़े जिक्र की वास्तविकता क्या है।