बंद घर से आ रही थी तेज बदबू, छत से घुसे भाई तो बेड पर देखा खौफनाक मंजर; इलाके में मची सनसनी

बंद घर से आ रही थी तेज बदबू, छत से घुसे भाई तो बेड पर देखा खौफनाक मंजर; इलाके में मची सनसनी

उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज प्रकरण सामने आया है। यहां शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गुजरातियान में एक 45 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर सौरभ गर्ग का शव उनके ही बंद मकान में सड़ी-गली हालत में मिला है। सौरभ नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत थे और लंबे समय से वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। कोरोना काल में पत्नी से तलाक होने के बाद से वह घर में बिल्कुल अकेले ही रहते थे। 

पड़ोसियों के मुताबिक पिछले चार दिनों से उनके घर का दरवाजा नहीं खुला था और न ही सौरभ को बाहर देखा गया था। शुरुआत में मोहल्ले के लोगों को लगा कि शायद वह किसी काम से शहर से बाहर गए होंगे। इस बीच सौरभ के भाइयों कमला कॉलोनी निवासी पीयूष गर्ग और सीबी गुप्ता कॉलोनी निवासी गौरव गर्ग ने भी फोन पर संपर्क करने की काफी कोशिश की, मगर मोबाइल लगातार बंद ही आ रहा था। मंगलवार को जब उस बंद मकान से बहुत तेज दुर्गंध आने लगी तो पड़ोसियों का शक गहरा गया और उन्होंने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी। 

खबर मिलते ही दोनों भाई बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और मकान की छत के रास्ते शीशा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। अंदर कमरे का खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। सौरभ का शव बेड पर पड़ा था और पूरी तरह से सड़ चुका था। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हैरानी की बात यह रही कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना और बगैर किसी कानूनी कार्रवाई या पोस्टमार्टम के शव का आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया। 

फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि यह आत्महत्या का मामला है या मौत किसी बीमारी और अन्य वजहों से हुई है। वहीं स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी जरूर मिली है मगर परिजनों की तरफ से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यदि परिवार भविष्य में कोई तहरीर देता है तो उसी के आधार पर आगे की कानूनी जांच और कार्रवाई की जाएगी।