ताजमहल में घुसा बंदरों का झुंड, पर्यटकों में मची अफरा-तफरी; अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

ताजमहल में घुसा बंदरों का झुंड, पर्यटकों में मची अफरा-तफरी; अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल परिसर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्मारक के अंदर अचानक बंदरों का एक विशाल झुंड दाखिल हो गया, जिससे वहां मौजूद देसी और विदेशी पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। परिसर में सैकड़ों बंदरों के स्वच्छंद घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बंदरों के आक्रामक रुख को देखकर कई पर्यटक डर के मारे वहीं रुक गए, जबकि कइयों ने हमले की आशंका में अपना रास्ता तक बदल लिया।

मौके पर मौजूद चश्मदीदों के अनुसार, बंदरों का यह झुंड काफी देर तक परिसर के विभिन्न हिस्सों में उछलकूद करता रहा और लगातार चीख-पुकार मचाता रहा। अचानक इस तरह बंदरों के घेराव से पर्यटक बुरी तरह सहम गए और खुद को बचाने के लिए दूरी बनाते नजर आए। इस घटना ने एक बार फिर आगरा के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बंदरों के बढ़ते आतंक और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है।

इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्मारक के रखरखाव और सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए तंज कसा कि भाजपा राज में दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल की यह बदहाली देखकर लगता है कि यदि पर्यटन पर असर पड़ा तो एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का दावा एक बिलियन में सिमट जाएगा।

गौरतलब है कि मुगल बादशाह शाहजहां द्वारा मुमताज महल की याद में 1632 से 1653 के बीच लगभग 22 वर्षों में बनवाया गया ताजमहल यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शुमार है। देश-विदेश से रोजाना हजारों की तादाद में लोग इसका दीदार करने पहुंचते हैं, लेकिन बंदरों और लावारिस पशुओं की बढ़ती मौजूदगी अब पर्यटकों की सुरक्षा और इस ऐतिहासिक धरोहर की साख के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।