सांप ने डसा तो डॉक्टरों ने लगा दिया कुत्ते वाला का इंजेक्शन, 4 साल के मासूम की हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश के संभल जिले से स्वास्थ्य विभाग और सरकारी अस्पताल की संवेदनहीन कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाने वाला हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जिला अस्पताल के इमरजेंसी डॉक्टरों ने सांप के डसने से तड़प रहे चार वर्षीय मासूम बच्चे को एंटी स्नेक वेनम (Anti-Venom) की जगह कुत्ता या पागल जानवर काटने पर दिया जाने वाला एंटी रैबीज (Anti-Rabies) इंजेक्शन लगा दिया।
डॉक्टरों की इस संगीन लापरवाही के चलते घर पहुंचते ही बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसका पूरा जिस्म ठंडा पड़ने लगा। आनन-फानन में परिजन बच्चे को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
कंचे खेलते समय दीवार के सुराख में सांप ने डसा
यह दर्दनाक वाकया संभल जिले के कैलादेवी थाना क्षेत्र अंतर्गत मूसापुर गांव का है। 21 सितंबर की दोपहर को अबुल हसन का चार साल का बेटा अदीब घर के आंगन में कंचे खेल रहा था। खेलते-खेलते उसका एक कंचा दीवार के एक छोटे से छेद में चला गया। अदीब ने जैसे ही कंचा निकालने के लिए उस छेद में हाथ डाला, अंदर छिपे जहरीले सांप ने उसके हाथ पर डस लिया। बच्चे की चीख सुनकर दौड़े परिजन तुरंत स्थिति को भांप गए और बिना समय गंवाए उसे लेकर तत्काल संभल जिला अस्पताल पहुंचे।
ततैया का डंक बताकर थमा दी दवा, लगा दिया रैबीज का टीका
अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों को जिस चिकित्सीय संवेदनशीलता की उम्मीद थी, उसके उलट डॉक्टरों ने घोर लापरवाही दिखाई। मासूम अदीब के पिता अबुल हसन ने बताया कि वे इमरजेंसी में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों से लगातार गुहार लगाते रहे कि बच्चे को सांप ने ही काटा है। इसके बावजूद डॉक्टरों ने उनकी बात को सिरे से खारिज कर दिया और दावा किया कि बच्चे को किसी ततैया या बर्रै ने काटा है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के नाम पर बच्चे को दर्द निवारक दवाइयां दीं और एंटी वेनम लगाने के बजाय कुत्ते के काटने पर लगने वाला एंटी रैबीज इंजेक्शन ठोक दिया। इसके बाद बच्चे को अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया।
दवा खाते ही शुरू हुईं उल्टियां, शरीर पड़ गया बर्फ जैसा ठंडा
घर लौटने के कुछ ही घंटों बाद जब परिजनों ने डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाएं अदीब को खिलाईं, तो शाम होते-होते उसकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी। मासूम को लगातार तेज उल्टियां होने लगीं और उसका पूरा शरीर बर्फ की तरह ठंडा पड़ने लगा। बच्चे को बेसुध और ठंडे शरीर के साथ देखकर परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। वे बिना देर किए बच्चे को लेकर फौरन एक निजी अस्पताल की तरफ भागे। निजी अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने परीक्षण के तुरंत बाद पुष्टि की कि बच्चे को किसी जहरीले सांप ने ही काटा है और शरीर में जहर फैल रहा है। फिलहाल निजी अस्पताल के आईसीयू में बच्चे का गहन उपचार जारी है, जबकि इस घटना के बाद सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।