CM योगी के गढ़ में अखिलेश की सीधी हुंकार: गोरखपुर में आज 20 KM लंबा रोड शो, मौर्य का पलटवार- ‘2047 तक नो एंट्री’
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर में 20 किलोमीटर लंबा रोड शो और पदयात्रा कर सीधे सत्तापक्ष को ललकार रहे हैं। यह पदयात्रा गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू होकर चौरी चौरा के देवकाही गांव तक पहुंचेगी। सपा ने गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों के कार्यकर्ताओं को एकजुट कर इस शक्ति प्रदर्शन में एक लाख से अधिक समर्थकों की भीड़ जुटाने का दावा किया है। शहर भर में सपा के झंडे, बैनर और पोस्टर लगाकर माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग दे दिया गया है।
अखिलेश यादव ने गोरखपुर को भाजपा का अभेद्य किला मानने से साफ इनकार किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी का कोई स्थायी गढ़ नहीं होता; जनता जिससे जुड़ती है, ताकत उसी की होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपने ही गृह जनपद का बुनियादी विकास कराने में पूरी तरह विफल रहे हैं और जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। सपा का मुख्य लक्ष्य अलग-अलग विचारधाराओं और वर्गों के लोगों को जोड़कर 2027 में दस साल बाद सत्ता में ऐतिहासिक वापसी दर्ज करना है।
दूसरी ओर, भाजपा ने सपा के इस शक्ति प्रदर्शन को सिरे से खारिज करते हुए तीखा पलटवार किया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव चाहे गोरखपुर में पदयात्रा निकालें, सैफई में घूमें या लखनऊ में, समाजवादी पार्टी 2047 तक उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापस नहीं आ सकती। उन्होंने दावा किया कि सपा का भविष्य हमेशा अंधकार में ही रहेगा। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 255 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी, जबकि सपा 111 सीटों पर सिमट गई थी। भाजपा जहां लगातार तीसरी बार जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी में है, वहीं अखिलेश यादव का यह दौरा पूर्वांचल के सियासी समीकरणों को साधने की एक बड़ी कोशिश माना जा रहा है।