बंद मकान से आ रही थी बदबू: पुलिस ने ताला तोड़ा तो फर्श पर मिला लड़की का शव, लव मैरिज के बाद पति फरार

बंद मकान से आ रही थी बदबू: पुलिस ने ताला तोड़ा तो फर्श पर मिला लड़की का शव, लव मैरिज के बाद पति फरार

उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पैमा गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद मकान के भीतर से बदबू आने पर पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस ने जब दरवाजे का ताला तोड़ा, तो अंदर कमरे के फर्श पर उज्जमा नाम की युवती का शव पड़ा मिला। घटना के बाद से ही युवती का पति फरहान मकान में ताला लगाकर फरार है।

दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना, ताला तोड़ा तो उड़े होश

नगला पैमा इलाके में स्थित इस मकान से मंगलवार की सुबह जब तेज दुर्गंध आने लगी, तो पड़ोसियों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी फरहान के परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया, तो फर्श पर युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिला।

एक महीने पहले मैसेज कर बताई थी लव मैरिज की बात

घटना के संबंध में फरहान के परिजनों ने पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी दी है। पिता अकबर अली के अनुसार, फरहान का अपनी पहली पत्नी से करीब ढाई साल पहले तलाक हो चुका था, जिससे उसके दो बच्चे हैं। फरहान ताजगंज के ही कोलियाई क्षेत्र में रहने वाले अपने परिवार से अलग नगला पैमा में किराए का मकान लेकर रह रहा था।

लगभग एक महीने पहले फरहान ने अपने पिता के मोबाइल पर मैसेज भेजकर जानकारी दी थी कि उसने झांसी की रहने वाली एक लड़की से लव मैरिज (प्रेम विवाह) कर ली है। पिता का कहना है कि उस मैसेज के बाद से उनका अपने बेटे से कोई संपर्क नहीं हुआ था। परिजनों के मुताबिक फरहान रविवार दोपहर से ही घर पर ताला लगाकर गायब था।

कमरे से मिला कागज का टुकड़ा, पुलिस जांच में जुटी

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी ताजगंज यतेंद्र नागर ने बताया कि घटना स्थल की गहन जांच की जा रही है। कमरे की तलाशी के दौरान एक कागज मिला है जिस पर 'उज्जमा' लिखा हुआ है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यही मृतक युवती का नाम है। फरहान के परिजनों को भी इस युवती के बारे में अधिक जानकारी नहीं है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और फरार पति फरहान की तलाश में जुट गई है।

Latest Posts