'2027 में 300 पार!' अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद के इस दावे से यूपी की सियासत में भूचाल

'2027 में 300 पार!' अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद के इस दावे से यूपी की सियासत में भूचाल

उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ ही चुनावी रणनीतियों ने सियासी पारे को चढ़ा दिया है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी क्रम में अयोध्या (फैजाबाद) लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने गुरुवार को एक बड़ा सियासी दावा कर हलचल मचा दी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ 300 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में ऐतिहासिक वापसी करने जा रही है।

अवधेश प्रसाद ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा शासन से पूरी तरह मायूस हो चुकी है और अब उसका भाजपा से भरोसा उठ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितने भी जतन कर ले, जनता अब उनके बहकावे में नहीं आने वाली। सांसद के अनुसार 2024 के आम चुनाव में यूपी की जनता ने भाजपा को विदाई का पहला संकेत दिया था, और 2027 के चुनाव में उन्हें ऐसी स्थायी विदाई दी जाएगी कि वे दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएंगे। वहीं वरिष्ठ सपा नेता आजम खान की जमानत पर रिहाई का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य का मतदाता अखिलेश यादव के विजन और नीतियों के साथ मजबूती से खड़ा है।

राज्य में 2027 की सियासी जंग को लेकर सभी खेमों ने अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दी है। भाजपा जहां सत्ता की हैट्रिक लगाने की तैयारी में जुटी है, वहीं सपा सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगा रही है। अगर 2022 के पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा गठबंधन ने 273 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इसमें भाजपा को अकेले 255 सीटें मिली थीं, जबकि सहयोगी अपना दल (एस) ने 12 और निषाद पार्टी ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

दूसरी ओर अखिलेश यादव के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 125 सीटें हासिल की थीं, जिसमें मुख्य विपक्षी दल सपा को 111, राष्ट्रीय लोक दल (RLD) को 8 और तत्कालीन सहयोगी सुभासपा को 6 सीटें मिली थीं। उस चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) महज 1 सीट पर सिमट गई थी, जबकि कांग्रेस और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 2-2 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। अब बदलते राजनीतिक परिदृश्य और 2024 के नतीजों के बाद सपा का यह 300 पार का दावा राज्य की सियासत में नई बहस का विषय बन गया है।