यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 15 IPS अफसरों के तबादले, लखनऊ और प्रयागराज को मिले नए पुलिस कमिश्नर
उत्तर प्रदेश शासन ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को एक साथ 15 वरिष्ठ आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं।
इस फेरबदल के तहत राजधानी लखनऊ और संगमनगरी प्रयागराज के पुलिस आयुक्त (पुलिस कमिश्नर) बदल दिए गए हैं। इससे पहले सोमवार देर रात भी राज्य सरकार ने 41 पीसीएस (PCS) अधिकारियों का स्थानांतरण किया था, जिसके बाद से ही पुलिस महकमे में बड़े बदलाव के कयास लगाए जा रहे थे।
तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस प्रमुख, पीयूष मोर्डिया संभालेंगे प्रयागराज की कमान
शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पद पर तैनात पीयूष मोर्डिया को ट्रांसफर कर प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा, प्रयागराज के निवर्तमान पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार को इस पद से मुक्त करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (पीटीएस) मुरादाबाद के पद पर भेजा गया है।
अमरेंद्र कुमार सेंगर को सुरक्षा और एलआईयू का अतिरिक्त प्रभार, नवीन अरोरा वाराणसी जोन पहुंचे
लखनऊ के पूर्व पुलिस आयुक्त अमरेंद्र के. सेंगर को अब पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना/LIU) के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त, नवीन अरोरा को अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं के प्रभार से मुक्त करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन बनाया गया है। गोरखपुर जोन का प्रभार संभाल रहे मुथा अशोक जैन को पुलिस महानिदेशक (अग्निशमन एवं आपात सेवाएं) की नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अपर पुलिस महानिदेशक (लॉजिस्टिक्स) रामकुमार को अब अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन के पद पर तैनात किया गया है।
मुख्यालय और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भी भारी फेरबदल
अन्य वरिष्ठ अधिकारियों में भगवान एस. श्रीवास्तव को अपर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) से हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) बनाया गया है। डॉ. संजीव गुप्ता को महानिदेशक पुलिस मुख्यालय के साथ अपर पुलिस महानिदेशक (लॉजिस्टिक्स) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। धर्मवीर को पुलिस महानिरीक्षक (होमगार्ड्स) से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक (पीएसी पूर्वी जोन, प्रयागराज) बनाया गया है। गृह सचिव पद पर तैनात रहे मोहित गुप्ता को पुलिस महानिरीक्षक (भ्रष्टाचार निवारण संगठन, लखनऊ) नियुक्त किया गया है, जबकि आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन से स्थानांतरित कर नया सचिव (गृह) लखनऊ बनाया गया है।
मुरादाबाद अकादमी से लेकर ईओडब्ल्यू तक बदले गए अफसर
डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद के पुलिस महानिरीक्षक विनोद कुमार सिंह को पुलिस महानिरीक्षक (विशेष जांच) का प्रभार सौंपा गया है। पुलिस मुख्यालय में तैनात अनूप कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक (ईओडब्ल्यू) और पुलिस मुख्यालय के आनंद कुमार को पुलिस अधीक्षक (लोक शिकायत मुख्यालय) की नई जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश में लगातार दो दिनों से हो रहे इन बड़े तबादलों से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में भारी हलचल देखने को मिल रही है।