वित्तीय पारदर्शिता, बेहतर प्रबंधन और नेतृत्व विकास से मॉडल संकुल स्तरीय संघ बनेंगे आत्मनिर्भर: केशव मौर्य

वित्तीय पारदर्शिता, बेहतर प्रबंधन और नेतृत्व विकास से मॉडल संकुल स्तरीय संघ बनेंगे आत्मनिर्भर: केशव मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य के दिशा-निर्देशों में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक श्री अरुण कुमार ने आज प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रदेश के चयनित संकुल स्तरीय संघों (सीएलएफ) को स्वावलंबी एवं आदर्श मॉडल सीएलएफ के रूप में विकसित करना है, ताकि ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुदृढ़ होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सके। यह पहल महिला सशक्तीकरण, संस्थागत मजबूती और गरीबी मुक्त गांव की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मिशन निदेशक ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संकुल स्तरीय संघों को मजबूत, आत्मनिर्भर एवं प्रभावी संस्थाओं के रूप में विकसित करना आवश्यक है। इनके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, उनकी आजीविका के साधनों का विस्तार करने तथा संगठनात्मक क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही संघों के संचालन में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रस्तावित मॉडल सीएलएफ से संबंधित नोडल ब्लॉक मिशन प्रबंधक, नोडल जिला मिशन प्रबंधक एवं अन्य सहयोगी प्रतिभागी शामिल हुए हैं। प्रशिक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन और मैदानी स्तर पर निरंतर सहयोग के लिए 10 रिसोर्स पर्सन भी नामित किए गए हैं। प्रत्येक रिसोर्स पर्सन को दो मॉडल सीएलएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे संबंधित क्षेत्रों में जाकर संघों को मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग एवं आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

Tags: