प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश एवं विदेशों में पंचतीर्थ के निर्माण से बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और विचारों को विश्व पटल पर दिलाई नई पहचान : केशव प्रसाद मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने लोकभवन सभागार में कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, अधिकार और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त किया है, संविधान की शक्ति ही है कि एक आदिवासी परिवार में जन्म लेने वाली बेटी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति तक पहुंचती है और एक गरीब परिवार में जन्मे चाय बेचने वाले के बेटे को लगातार तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि संविधान ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि की सीमाओं को तोड़कर प्रतिभा, परिश्रम और योग्यता को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। आज विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से आए लोग देश और प्रदेश के महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 26 नवंबर, 2015 से संविधान दिवस के रूप में व्यापक स्तर पर मनाने की शुरुआत हुई, जिन लोगों ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया। श्री मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों का इतिहास संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके आचरण से समझा जा सकता है, बाबा साहब के सम्मान और सामाजिक न्याय की बात करने वालों को अपने शासनकाल के कार्यों का भी जवाब देना चाहिए। कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के नाम से हटाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व से सवाल किया कि बाबा साहब के प्रति सम्मान का दावा करने वाले लोगों ने ऐसा निर्णय क्यों लिया। कमजोर, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा केवल भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों और संवेदनशील शासन व्यवस्था से होती है।