बेहट से कैराना तक: कांग्रेस जिन सीटों पर अड़ी, अखिलेश ने वहीं उतार दिए 5 सिटिंग विधायक!
उत्तर प्रदेश की सियासी बिसात पर 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख सहयोगी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान खुलकर सामने आ गई है। दिल्ली में हुई दोनों दलों के शीर्ष नेताओं की बैठक में कांग्रेस ने दो टूक शब्दों में कह दिया है कि वह 120 से कम सीटों पर समझौता नहीं करेगी। पार्टी ने उन 120 विधानसभा क्षेत्रों की बाकायदा सूची भी सपा नेतृत्व को सौंप दी है, जहां वह ताल ठोकना चाहती है।
इस रार के बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपनी पहली लिस्ट में 5 मौजूदा विधायकों को टिकट थमाकर सियासी संदेश दे दिया है। इनमें सहारनपुर की बेहट सीट से उमर अली खान, सहारनपुर शहर से आशु मलिक, शामली के कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी का नाम शामिल है। पेंच यहीं फंसा है, क्योंकि बेहट और सहारनपुर शहर सीट पर कांग्रेस भी अपना दावा ठोक रही थी। इसके अलावा गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली और अमेठी की कई सीटों पर भी कांग्रेस ने दावेदारी जताई है, जहां इस वक्त सपा के विधायक काबिज हैं।
सीटों की इस खींचतान के बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गठबंधन धर्म और चुनावी गणित को लेकर बड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उम्मीदवारों का चयन केवल जिद पर नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी को हराने की क्षमता और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के आधार पर होना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चुनाव में जीती गई सीटों की संख्या ही वास्तविक सम्मान तय करेगी। अखिलेश ने कांग्रेस से कहा कि वे चर्चा की गई 26 प्राथमिक सीटों के अलावा अन्य संभावित क्षेत्रों का ब्योरा साझा करें, ताकि जमीनी हकीकत और चुनावी समीकरणों के आधार पर जिताऊ चेहरों को मिलकर मैदान में उतारा जा सके।