UP Chunav: इस सीट पर राजभर-निषाद में तकरार, सपा की लिस्ट से कांग्रेस में नाराजगी
उत्तर प्रदेश की सियासत में गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर घमासान तेज हो गया है। एक तरफ सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पा रही है, तो दूसरी ओर एनडीए में औपचारिक बंटवारे से पहले ही दावेदारी शुरू हो गई है। आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट इस वक्त सियासी खींचतान का केंद्र बनी हुई है। यहां निषाद पार्टी और ओम प्रकाश राजभर की पार्टी के बीच वर्चस्व की लड़ाई छिड़ी है, जिससे एनडीए के भीतर तालमेल की राह आसान नहीं दिख रही है। बीते चुनाव में इस सीट से निषाद पार्टी ने प्रत्याशी उतारा था, जिसे हार का सामना करना पड़ा था।
ओम प्रकाश राजभर इस बार अतरौलिया सीट से अपने बेटे को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी में हैं, जबकि संजय निषाद भी इस सीट पर अपना दावा छोड़ने को तैयार नहीं दिख रहे हैं। राजभर 26 नवंबर को अतरौलिया में बड़ी रैली करने जा रहे हैं और उनका दावा है कि सपा को यहां केवल उनकी पार्टी ही मात दे सकती है। जातीय आंकड़ों की बात करें तो अतरौलिया क्षेत्र में करीब 68 हजार यादव, 53 हजार दलित, 48 हजार ब्राह्मण, 38 हजार क्षत्रिय, 35 हजार निषाद और 32 हजार मुस्लिम मतदाता हैं।
अतरौलिया के विवाद पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा है कि इस सीट पर खींचतान का कोई लाभ नहीं मिलेगा क्योंकि अतरौलिया सपा के खाते में जाएगी, इसलिए राजभर और निषाद को किसी दूसरी सीट को लेकर दावेदारी करनी चाहिए। इसी बीच सपा ने 5 उम्मीदवारों की सूची जारी कर सियासी हलचल बढ़ा दी है। इनमें बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर ग्रामीण से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी शामिल हैं।
सपा की इस सूची में सहारनपुर की दो ऐसी सीटें भी हैं, जिन पर कांग्रेस दावेदारी कर रही थी। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद सहारनपुर के सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद की नाराजगी सामने आई है। पांच नामों के ऐलान के साथ सपा प्रमुख ने यह साफ कर दिया है कि जिन सीटों पर पार्टी के मौजूदा विधायक हैं, वहां समझौते की गुंजाइश नहीं है।