सपा की सूची पर AIMIM का तीखा प्रहार, शादाब चौहान बोले- खामोश रहने वालों को फिर दिया टिकट

सपा की सूची पर AIMIM का तीखा प्रहार, शादाब चौहान बोले- खामोश रहने वालों को फिर दिया टिकट

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। समाजवादी पार्टी की ओर से जारी पांच प्रत्याशियों की सूची पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सपा ने बेहट से मौजूदा विधायक उमर अली खान, सहारनपुर ग्रामीण से आशु मलिक, शामली की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को मैदान में उतारा है। टिकट मिलने से सपा प्रत्याशियों में उत्साह है और वे जीत के दावे कर रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने इस चयन पर कड़ा तंज कसते हुए कई सवाल खड़े किए हैं।

शादाब चौहान ने कहा कि सपा की सूची में शामिल शुरुआती चार चेहरे पहले से ही विधायक हैं, जिनमें से कई दो या तीन बार सदन में पहुंच चुके हैं। उन्होंने सवाल दागा कि पिछले पांच वर्षों या अपने कार्यकाल के दौरान इन नेताओं ने विधानसभा में कितनी बार अपनी बात रखी है। चौहान ने चुनौती देते हुए कहा कि बीते पांच सालों में कथित फर्जी मुठभेड़ों, बुलडोजर कार्रवाई और धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों के दौरान क्या इनमें से किसी विधायक ने सड़क से लेकर सदन तक कोई आवाज उठाई या विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई बयान या आंदोलन हुआ है, तो उसका वीडियो साक्ष्य सामने लाया जाए।

AIMIM प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सपा ऐसे उम्मीदवारों को दोबारा मौका देकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है और यह दर्शा रही है कि उसे सामाजिक परिवर्तन मोर्चा से डर लग रहा है। उनके मुताबिक, सपा नहीं चाहती कि पीड़ित, वंचित और शोषित वर्ग की आवाज उठाने वाले लोग विधानसभा पहुंचें, इसलिए पुराने चेहरों को थोपा जा रहा है। चौहान ने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और केवल वेतन व सरकारी सुविधाओं के लिए किसी को दोबारा चुनने के मूड में नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के उम्मीदवार जीतकर विधानसभा जाएंगे और मोर्चा की सरकार बनेगी, जहां दलित, मुस्लिम, पीड़ित और वंचित वर्ग समेत हर समुदाय को न्याय मिलेगा।

शादाब चौहान ने इस पूरे घटनाक्रम को एक राजनीतिक चाल करार देते हुए कहा कि अखिलेश यादव सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के उभार से बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मतदाता अब यह तय कर चुके हैं कि संवेदनशील मुद्दों और जनता के सवालों पर सदन में चुप रहने वाले जनप्रतिनिधियों को दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।