सऊदी अरब में बड़ा आतंकी हमला: इस संगठन ने रियाद को फिर बनाया निशाना, 11 लोग घायल

सऊदी अरब में बड़ा आतंकी हमला: इस संगठन ने रियाद को फिर बनाया निशाना, 11 लोग घायल

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मंगलवार को हूती मिलिशिया ने एक बड़े हमले को अंजाम देते हुए किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट (KAFD) के एक प्रमुख टावर को निशाना बनाया। सऊदी सिविल डिफेंस के जनरल डायरेक्टरेट के मुताबिक, इस कायराना आतंकी हमले में कुल 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो भारतीय, दो सऊदी नागरिक, तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं। हमले के तुरंत बाद सुरक्षा और बचाव एजेंसियों ने आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

रियाद में स्थित भारतीय दूतावास ने इस हमले में दो भारतीय नागरिकों के घायल होने की पुष्टि की है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि वे स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जानकारी जुटाई जा रही है। दूतावास ने आश्वस्त किया कि घायल नागरिकों और उनके परिजनों को हर संभव चिकित्सीय व प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को स्थानीय सुरक्षा नियमों और कानूनों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी है।

सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के आधिकारिक प्रवक्ता ने इसे हूती गुट का सुनियोजित आतंकी हमला करार देते हुए कहा कि संबंधित एजेंसियां घटनास्थल पर विस्तृत जांच कर रही हैं। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब यमन के अल-हुदैदाह गवर्नरेट में गठबंधन के कथित हवाई हमलों के बाद सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव चरम पर है। इससे पहले 19 नवंबर को भी रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में देश के सॉवरेन वेल्थ फंड (PIF) के मुख्यालय वाली 80 मंजिला गगनचुंबी इमारत को नुकसान पहुंचने की पुष्टि हुई थी, जिसमें भौतिक क्षति तो हुई थी लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ था।