181 की मांग vs 26 का ऑफर: अखिलेश यादव ने कांग्रेस के दावों को दरकिनार कर चला पहला दांव

181 की मांग vs 26 का ऑफर: अखिलेश यादव ने कांग्रेस के दावों को दरकिनार कर चला पहला दांव

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछने लगी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने पत्ते खोलते हुए पांच प्रत्याशियों की पहली आधिकारिक सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस शुरुआती दांव में अपने सभी पांच मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया है। जारी सूची के अनुसार, सहारनपुर की बेहट सीट (01) से उमर अली खान, सहारनपुर शहर (04) से आशु मलिक, शामली के कैराना (08) से नाहिद हसन, अमरोहा (41) से महबूब अली और बुंदेलखंड की ललितपुर सीट (226) से ज्योति लोधी को दोबारा चुनावी मैदान में उतारा गया है। अपने मजबूत किलों पर मौजूदा विधायकों के नाम फाइनल कर सपा ने पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड तक स्पष्ट संदेश दे दिया है।

सपा की इस पहली लिस्ट ने गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग की बातचीत में नया मोड़ ला दिया है। दरअसल, जिन पांच सीटों पर सपा ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं, उनमें से सहारनपुर और बेहट सीट कांग्रेस अपने खाते में मांग रही थी। कांग्रेस ने सपा नेतृत्व को सौंपी गई अपनी 181 सीटों की शुरुआती दावेदारी में इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों को प्रमुखता से शामिल किया था। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में इन दोनों ही सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी, जिसे देखते हुए अखिलेश यादव ने अपने मौजूदा विधायकों का टिकट बरकरार रखा और कांग्रेस की दावेदारी को दरकिनार कर दिया।

सीटों के तालमेल को लेकर दोनों दलों के बीच दो दौर की औपचारिक चर्चा पूरी हो चुकी है, जिसमें सपा ने कांग्रेस की प्राथमिकता सूची में से 26 सीटें देने की पेशकश रखी है। हालांकि, व्यापक चुनावी गठबंधन का अंतिम प्रारूप तय होना अभी बाकी है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर साझा किए गए अपने रुख में साफ किया कि सीटों का बंटवारा सिर्फ संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत और जीतने की ठोस क्षमता पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन की मजबूती इस बात पर निर्भर करेगी कि कुल लड़ी गई सीटों में जीत का अनुपात हार से कहीं अधिक हो। अखिलेश ने कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह किया है कि वह 26 सीटों से आगे बढ़कर अन्य जिताऊ सीटों का ब्योरा साझा करे, ताकि दोनों दल मिलकर जीत के सही समीकरण बना सकें।