'देश से गद्दारी बर्दाश्त नहीं...' जामिया से लेकर फारूक अब्दुल्ला तक, योगी के मंत्री ने सबकी लगा दी क्लास
उत्तर प्रदेश के बलिया में मीडिया से बातचीत करते हुए योगी सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने एक बड़ा बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला के हालिया बयान और दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया में लिखे गए कथित देशविरोधी नारों पर उन्होंने सख्त ऐतराज जताया है।
दानिश आजाद ने दो टूक कहा कि पाकिस्तान भारत का दुश्मन है और देश के हर नागरिक को उसे इसी नजरिए से देखना चाहिए। उन्होंने फारूक अब्दुल्ला के उस बयान की कड़ी निंदा की जिसमें पाकिस्तान को कश्मीरियों का रक्षक बताया गया था। मंत्री ने साफ किया कि जो देश हमेशा भारत के खिलाफ साजिशें रचता हो, उसके प्रति सहानुभूति दिखाना बिल्कुल गलत है और हर नागरिक के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के जामिया कॉलेज में हुई घटना को लेकर गहरी चिंता जाहिर की।
मंत्री ने कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन देश की एकता और अखंडता से कोई भी समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने एजेंसियों से मांग की है कि जामिया में आपत्तिजनक नारे लिखने वालों और उन्हें पर्दे के पीछे से शह देने वालों की तुरंत गहन जांच होनी चाहिए, ताकि दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इसी प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर की गई हालिया टिप्पणी को लेकर भी कड़ा ऐतराज जताया। दानिश आजाद अंसारी ने कांग्रेस अध्यक्ष से अपनी इस व्यक्तिगत टिप्पणी के लिए प्रधानमंत्री से तुरंत सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।