GF ने BF को जिंदा जलाया: लौहे की रॉड से सिर पर वार, फिर डीजल छिड़ककर लगाई आग
पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के समीप ट्रक चालक बलजिंदर सिंह की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआती दौर में इसे एक सामान्य सड़क हादसा समझा जा रहा था लेकिन मृतक के स्वजन की निरंतर जिद और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल ने इस पूरे मामले की परतें उधेड़ दीं। इस सनसनीखेज प्रकरण में पुलिस ने प्रेमिका अमनदीप कौर उर्फ अमना को दबोच लिया है।
प्रेम प्रसंग से उपजा खूनी विवाद और खौफनाक वारदात
उत्तराखंड के रुद्रपुर से फोम लेकर नेपाल सीमा की ओर जा रहे ट्रक चालक बलजिंदर सिंह की केबिन के अंदर जलने से मौत हो गई थी। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के अनुसार मामले की तह तक जाने के लिए तीन विशेष दलों का गठन किया गया था। जांच में यह बात सामने आई कि रामपुर जिले के बिलासपुर इलाके की रहने वाली अमनदीप और मृतक के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला इस रिश्ते को हमेशा के लिए समाप्त करना चाहती थी जबकि चालक उस पर लगातार रिश्ता कायम रखने का दबाव बना रहा था। इसी खींचतान के चलते उसने इस जघन्य कृत्य की साजिश रची।
सीसीटीवी फुटेज और दूसरे मोबाइल नंबर से मिला सुराग
घटना के चौदह दिन बाद तक पुलिस इसे महज दुर्घटना मान रही थी लेकिन पीड़ित परिवार ने किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई थी। स्वजन ने हादसे से ठीक पहले के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए जिससे जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई। फुटेज देखने पर पता चला कि ट्रक गुरुद्वारे से रवाना होने के लगभग एक घंटे बाद घटनास्थल तक पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने जब चालक के एक गुप्त मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकाली तो एक संदिग्ध महिला से लगातार संपर्क होने की बात उजागर हुई। लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस आरोपी महिला तक पहुँचने में कामयाब रही।
हत्या को दुर्घटना का रूप देने की शातिर चाल
योजना के तहत आरोपी महिला अपने मायके से पूरनपुर पहुंची और रास्ते में ट्रक के भीतर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर उसने केबिन में रखी लोहे की रॉड से बलजिंदर के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया जिससे वह अचेत होकर गिर गया। अपने जुर्म को छिपाने और पूरी घटना को सड़क हादसे का रूप देने के उद्देश्य से उसने वाहन में रखी प्लास्टिक की पिपिया से डीजल छिड़ककर केबिन में आग लगा दी। इसके बाद वह बेखौफ होकर एक अन्य वाहन में सवार होकर अपने मायके वापस लौट गई।
पुलिस ने तप्तरता दिखाते हुए आरोपी अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड तथा खाली डीजल की पिपिया भी बरामद कर ली है। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात आरोपी महिला को अदालत के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।