खौफनाक वारदात: दूसरे पति के प्यार में पत्नी ने रची खूनी साजिश, मासूम बेटी के हाथ भिजवाया 'मौत का गिलास'

खौफनाक वारदात: दूसरे पति के प्यार में पत्नी ने रची खूनी साजिश, मासूम बेटी के हाथ भिजवाया 'मौत का गिलास'

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र स्थित लोहरपुरी गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां उमाशंकर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया है कि महिला ने अपने कथित दूसरे पति के साथ मिलकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। आरोपी पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए कोल्ड ड्रिंक में 15 नींद की गोलियां मिलाईं और मासूम बेटी के हाथों ही उसे पिलवा दिया, जिसके बाद रात में उसका गला घोंटकर बेरहमी से कत्ल कर दिया गया।

गुजरात में हुई थी दूसरे पति से मुलाकात और प्रेम प्रसंग

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मूल रूप से चित्तरपुर गांव का रहने वाला उमाशंकर गुजरात में मजदूरी का काम करता था। वर्ष 2024 में वह अपनी पत्नी ममता और बच्चों को भी अपने साथ गुजरात ले गया था। वहां एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान ममता की मुलाकात जामनगर के रहने वाले नकुम भावेश से हो गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गए। ममता ने अपने पहले पति से छिपकर नकुम से शादी भी कर ली थी। जब उमाशंकर को इस बात की भनक लगी तो दोनों में विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों को वापस गांव ले आया था।

फोन पर जारी रहा संपर्क और रची गई खौफनाक साजिश

गांव लौटने के बावजूद ममता और नकुम भावेश के बीच फोन पर बातचीत और संपर्क लगातार बना रहा। नकुम अक्सर पूरनपुर आकर ममता से मिलता था, जिसके चलते उमाशंकर और ममता के बीच आए दिन भयंकर झगड़े होने लगे। घटना से पांच दिन पहले ही उमाशंकर गुजरात से वापस घर लौटा था और विवाद फिर से बढ़ गया। 31 जुलाई को ममता ने नकुम को फोन करके पति से परेशान होने की बात कही और दोनों ने मिलकर उमाशंकर को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की खूनी साजिश रच डाली।

मासूम बेटी के हाथों भिजवाया नींद की गोलियों से मिला कोल्ड ड्रिंक

चूंकि उमाशंकर को अनिद्रा की समस्या थी और वह कभी-कभी नींद की गोलियां लेता था, इसलिए आरोपियों ने उसी दवा का इस्तेमाल करने की योजना बनाई ताकि किसी को शक न हो। शुक्रवार की शाम ममता बाजार से कोल्ड ड्रिंक खरीदकर लाई और उसमें करीब 15 नींद की गोलियां पीसकर मिला दीं। इसके बाद उसने अपनी छोटी बेटी गीता को यह कहकर वह गिलास थमा दिया कि इसे पिता को दे आओ, इससे उन्हें अच्छी नींद आ जाएगी। अनजाने में मासूम बेटी ने वह जहरीला कोल्ड ड्रिंक अपने पिता को पिला दिया, जिसे पीकर उमाशंकर गहरी नींद में सो गया।

बच्चों के जागने से खुली साजिश, गला दबाकर की हत्या

रात के समय जब बच्चे सो रहे थे, तब ममता ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। उमाशंकर की छटपटाहट की आवाज सुनकर जब बेटा छत पर पहुंचा तो ममता वहां से तुरंत भाग निकली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की गर्दन और ठुड्डी पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ममता इस हत्या को बदमाशों द्वारा लूटपाट दिखाने की साजिश रच रही थी, जिसके लिए उसने पहले से एक सीढ़ी और जेवरों की पोटली छिपाकर रखी थी। हालांकि, बच्चों के अचानक जाग जाने से उसकी यह झूठी कहानी ध धरी रह गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और साजिश में शामिल उसके दूसरे प्रेमी नकुम भावेश को भी आरोपी बनाया है।

Latest Posts