'छोड़ दो, जान से मार दोगी क्या?' गिड़गिड़ाता रहा पति, पत्नी कसती रही चुन्नी का फंदा; सामने आया रूह कंपाने वाला मामला

'छोड़ दो, जान से मार दोगी क्या?' गिड़गिड़ाता रहा पति, पत्नी कसती रही चुन्नी का फंदा; सामने आया रूह कंपाने वाला मामला

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर गांव से पारिवारिक विवाद का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में एक महिला अपने पति मांगेराम के गले में दुपट्टा (चुन्नी) डालकर उसे बेरहमी से खींचती और कसती दिख रही है, जबकि पास खड़ी उनकी बेटी भी पिता के साथ मारपीट करती नजर आ रही है। पीड़ित खुद को बचाने के लिए छटपटाता रहा और मदद की गुहार लगाता रहा, जिसके बाद मौके पर पहुंचे पिता (बुजुर्ग) ने बीच-बचाव कर अपने बेटे की जान बचाई।

गंभीर रूप से घायल मांगेराम को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश और चर्चा का माहौल है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पीड़ित अपनी जान बख्शने की मिन्नतें कर रहा था, मगर आरोपी महिला फंदा कसती रही। यदि समय रहते बुजुर्ग पिता मौके पर न पहुंचते, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

प्रकरण  के तूल पकड़ने पर नई मंडी कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई है। कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्रा के अनुसार, यह घटना 5 अक्टूबर की है, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर प्रसारित हुआ है। पुलिस का कहना है कि विवाद की मूल वजह और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। घटना के प्रकाश में आने के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाकर दंपति की काउंसलिंग भी कराई गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।