'मुंह में जूता घुसेड़ दूंगा...' सरेआम आगबबूला हुए BJP विधायक, वीडियो ने मचाया तहलका
कानपुर के गोविंद नगर स्थित विद्यार्थी मार्केट में व्यापारी संगठन के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों के बीच का विवाद उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
व्यापारियों की शिकायत और गाली-गलौज की बात सुनकर विधायक ने पब्लिक में सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा किसी ने अपशब्द कहे तो उसके मुंह में जूता घुसेड़ दूंगा और अन्याय करने वालों का सीधे 'ऑपरेशन थिएटर' चालू कर दूंगा। इस पूरी घटना का करीब 2 मिनट 47 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, विधायक सोमवार देर शाम दोनों गुटों को बैठाकर मामले को शांति से सुलझाने और पवित्रता के साथ हिंदू-मुस्लिम एकता का पाठ पढ़ाने गए थे, मगर जब उन्हें पता चला कि कुछ लोग गुट बनाकर एक बुजुर्ग को धमका रहे हैं, तो वे आगबबूला हो गए।
भरे मंच से उन्होंने दो टूक कहा कि अगर मुखिया पापी है तो पाप बढ़ेगा, मगर किसी भी हाल में क्षेत्र में गुंडागर्दी और न्याय की आवाज को दबाने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी। बाद में अपने इस रौद्र रूप पर सफाई देते हुए भाजपा विधायक ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ये कड़े शब्द पीड़ित व्यापारियों के स्वाभिमान की रक्षा और उन्हें अपशब्द कहने वालों को सबक सिखाने के लिए इस्तेमाल किए हैं।