अगले कुछ घंटों में इन जिलों में आफत बनकर बरसेगा पानी, घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर

अगले कुछ घंटों में इन जिलों में आफत बनकर बरसेगा पानी, घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है जिसके चलते मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों के लिए आगामी घंटों को लेकर चेतावनी जारी की है। सचेत ऐप के माध्यम से मंगलवार को मिली ताजा जानकारी के अनुसार बलिया, चंदौली और गाजीपुर के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की प्रबल संभावना है।

इन तीनों जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक लगातार जारी रहने के आसार हैं।

24 अगस्त तक झमाझम बारिश का दौर, पूर्वी यूपी में बढ़ेगा दायरा

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान पर नजर डालें तो 18 से 24 अगस्त के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ फुहारें पड़ सकती हैं। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और अधिक फैलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश के साथ कुछ चुनिंदा इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा की स्थिति बन सकती है जिससे लंबे समय से सूखे जैसे हालात का सामना कर रहे क्षेत्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।

इन जिलों में भी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

बलिया, चंदौली और गाजीपुर के अलावा आज जिन अन्य जिलों में भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना जताई गई है उनमें चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, वाराणसी, भदोही, जौनपुर और आजमगढ़ शामिल हैं। इसके साथ ही गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर के आसपास के इलाकों में भी झमाझम बारिश होने के पूरे आसार हैं।

Latest Posts