UP में रावण के साथ जलना था 30 फीट का 'कॉकरोच', पुलिस के दखल पर बदला नाम; सहारनपुर में दीपके का विरोध
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित ऐतिहासिक नुमाइश मैदान में विजयदशमी के मौके पर उस वक्त सियासी और प्रशासनिक हलचल मच गई, जब दशानन रावण के साथ दहन के लिए 30 फुट ऊंचा एक अनोखा पुतला खड़ा किया गया, जिस पर बड़े अक्षरों में 'कॉकरोच' लिखा हुआ था। ऋषिकेश से आए कारीगरों ने मैदान में 60, 55 और 50 फीट के पारंपरिक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ इस चौथे पुतले को तैयार किया था। सोमवार दोपहर करीब दो बजे जैसे ही इस प्रतीकात्मक पुतले की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, पुलिस-प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी सूरज कुमार राय की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों से संवाद स्थापित किया। एसएसपी ने दो टूक स्पष्ट किया कि दशहरा विशुद्ध रूप से एक पावन धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की राजनीतिक दुर्भावना या कटाक्ष को शामिल नहीं किया जाना चाहिए।
प्रशासनिक समझाइश के बाद रात करीब 8:30 बजे श्रीराम सेवा दल के आयोजकों ने बिना किसी कानूनी विवाद के खुद ही पुतले से 'कॉकरोच' शब्द हटाकर उसका नाम 'भ्रष्टाचार' कर दिया। सेवा दल के कोऑर्डिनेटर विशाल डूमडा ने बताया कि कमेटी द्वारा विजयादशमी पर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संदेश देने की पुरानी परंपरा रही है, जिसके तहत इससे पहले कोविड महामारी, आतंकवाद और भ्रष्टाचार के पुतले भी फूंके जा चुके हैं। हालांकि, आयोजक सीधे तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) से जुड़े विवाद पर खुलकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। एसएसपी ने भी साफ किया कि इस मामले में किसी पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि कमेटी ने सौहार्द बनाए रखने के लिए खुद ही नाम बदलने का फैसला लिया।
दूसरी तरफ, पश्चिमी यूपी के ही सहारनपुर जिले में भी इस बार दशहरे का आयोजन राजनीतिक और सामाजिक विरोध के रंग में रंग गया है। राष्ट्रीय सवर्ण समाज संघ ने कथित 'जातिवाद कानून' के विरोध में उसका प्रतीकात्मक पुतला फूंकने का बड़ा ऐलान किया है। संगठन के तय कार्यक्रम के मुताबिक कार्यकर्ता हकीकतनगर स्थित रामलीला ग्राउंड से पैदल रोष मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट तिराहे पर पहुंचेंगे और विरोध स्वरूप पुतला दहन करेंगे। इसके साथ ही सहारनपुर के गोविंद नगर में आयोजित दशहरा उत्सव के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके का पुतला फूंकने की पूरी तैयारी की गई है। इन दोनों ही जिलों में पारंपरिक बुराई के प्रतीक रावण के साथ-साथ समकालीन मुद्दों और सियासी चेहरों को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों ने इस बार के विजयादशमी पर्व को खासी चर्चा में ला दिया है।