फ्लैट में आपत्तिजनक सामान, केवल अंडरगारमेंट्स में लाश! सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर प्रेमी की हत्या का आरोप
यूपी की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। 9 अक्टूबर की रात घटित इस सनसनीखेज घटना के बाद फ्लैट की तलाशी में मिले आपत्तिजनक सामान, मोबाइल चैट्स, सीसीटीवी फुटेज और एक रहस्यमयी सफेद ऑडी कार ने जांच की दिशा बदल दी है। मृतक की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर हजरतगंज पुलिस ने शिवा की लिव-इन पार्टनर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल और अन्य के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह तय करना है कि यह महज हादसा था, आत्महत्या या फिर सुनियोजित हत्या।
घटनास्थल यानी फ्लैट की तलाशी के दौरान पुलिस को कथित तौर पर सेक्स वर्धक दवाइयां और कुछ सेक्स टॉयज बरामद हुए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। परिजनों का सनसनीखेज दावा है कि जब शिवा का शव देखा गया तो वह केवल अंतःवस्त्रों में था, उसके चेहरे पर लिपस्टिक के निशान थे और शरीर पर चोटों के साथ सिगरेट से दागे जाने के स्पष्ट घाव मौजूद थे। परिजनों ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट्स सौंपते हुए आरोप लगाया कि श्रद्धा लगातार शिवा को ब्लैकमेल और प्रताड़ित कर रही थी। वह नेताओं, वरिष्ठ नौकरशाहों और भारतीय क्रिकेटरों से अपनी ऊंची पहुंच का रौब दिखाकर शिवा को जेल भिजवाने की धमकी देती थी। सोशल मीडिया पर श्रद्धा की तस्वीरें कई राजनीतिक हस्तियों और पूर्व क्रिकेटर एस. श्रीसंत के साथ भी देखी गई हैं।
अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को कई संदिग्ध सुराग हाथ लगे हैं। एक क्लिप में घटना के बाद कुछ लोग तेजी से इमारत से नीचे उतरकर भागते दिख रहे हैं, जबकि हादसे के करीब 15 मिनट बाद परिसर में एक सफेद रंग की ऑडी कार दाखिल होती नजर आई। बताया जा रहा है कि इस लक्जरी कार पर बाकायदा 'सचिवालय पास' लगा हुआ था, जो परिसर में यू-टर्न लेकर चंद मिनटों में रवाना हो गई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह वीआईपी पास वाली कार किसकी थी और उस रात वहां क्यों पहुंची थी।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और घटनाक्रम के मुताबिक, शिवा पिछले चार महीनों से श्रद्धा के साथ लिव-इन में रह रहा था। 30 अगस्त को गोमतीनगर के टिंकल पिंक क्लब में हुई फायरिंग की घटना में 50 हजार का इनामी रहे शिवा को एसटीएफ ने पटना से पकड़ा था, जिसके बाद वह जमानत पर बाहर था। मां का आरोप है कि इसी पुराने केस का डर दिखाकर श्रद्धा और उसके साथी शिवा से उगाही कर रहे थे। 9 अक्टूबर की शाम फोन कर शिवा की तबीयत बिगड़ने का झांसा दिया गया और केजीएमयू अस्पताल पहुंचने पर उसका शव छोड़कर आरोपी फरार हो गए। एसीपी रजनीश वर्मा के अनुसार, परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और श्रद्धा दुबे समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली व नेपाल सीमा से जुड़े संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।