यूपी में देसी शराब पीने वालों के लिए बड़ा बदलाव: गन्ने की जगह इस खास चीज से बनेगी शराब, जारी हुआ आदेश
उत्तर प्रदेश में गन्ने की कमी और शराब की निरंतर बढ़ती खपत ने आबकारी विभाग को अपनी उत्पादन नीति में बड़ा फेरबदल करने पर मजबूर कर दिया है। राज्य में देसी शराब और अंग्रेजी रम बनाने के लिए अब तक पारंपरिक रूप से गन्ने के शीरे (मोलैसेस) पर निर्भरता रही है, लेकिन गन्ने की किल्लत के चलते शीरे की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। इस संकट से निपटने और बाजार में आपूर्ति निर्बाध रखने के लिए आबकारी मुख्यालय ने गन्ने की जगह अनाज से शराब तैयार करने की कार्ययोजना को हरी झंडी दे दी है। इसके तहत पंजाब और हरियाणा जैसे प्रमुख कृषि राज्यों से बड़े पैमाने पर अनाज की खरीद की तैयारी शुरू हो गई है।
मुख्यालय स्तर पर हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल शीरे के भरोसे रहने से भविष्य में उत्पादन ठप हो सकता है। जिला आबकारी अधिकारी सुशील कुमार मिश्र के अनुसार, गन्ने की कमी के मद्देनजर वैकल्पिक कच्चे माल के तौर पर खाद्यान्न आधारित डिस्टिलरीज को रफ्तार दी जा रही है। आमतौर पर अनाज का उपयोग मुख्य रूप से व्हिस्की बनाने में होता रहा है, वहीं देसी शराब और रम के लिए शीरा ही प्राथमिक आधार था। चूंकि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मांग देसी शराब की ही रहती है, इसलिए अनाज आधारित उत्पादन बढ़ने से न सिर्फ राजस्व सुरक्षित रहेगा बल्कि आपूर्ति में भी कोई रुकावट नहीं आएगी।
प्रयागराज के शौकीनों के लिए आया बड़ा अपडेट
इसके साथ ही प्रयागराज के शौकीनों के लिए एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। शहर को अपना पहला 'लो अल्कोहलिक ब्रिवरेज बार' (LAB Bar) मिलने जा रहा है, जिसे जिला बार समिति ने औपचारिक मंजूरी दे दी है। यह बार उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो पार्टी या महफिल में हल्का सुरूर तो चाहते हैं, लेकिन तेज नशे और हैंगओवर से बचना चाहते हैं। समिति से हरी झंडी मिलने के बाद संबंधित होटल संचालक ने निर्धारित सरकारी फीस भी जमा कर दी है और अगले दस दिनों के भीतर इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
महानगरों की तर्ज पर शुरू हो रहा यह कॉन्सेप्ट संगम नगरी में अपनी तरह का पहला प्रयोग है। अब तक जिले में संचालित सामान्य बारों में सभी प्रकार की हाई-अल्कोहल हार्ड ड्रिंक्स परोसी जाती रही हैं, लेकिन बदलते लाइफस्टाइल और शहरीकरण के चलते कम तीव्रता वाली बीयर और माइल्ड वाइन के लिए अलग माहौल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहे के पास सम्राट होटल में यह विशेष लो-अल्कोहल बार शुरू किया जा रहा है, जहां ग्राहकों को सिर्फ तय सीमा वाली कम अल्कोहल ड्रिंक्स का अनुभव मिलेगा।