पीएम मोदी के गढ़ में BJP को तगड़ा झटका, शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव की बंपर जीत

पीएम मोदी के गढ़ में BJP को तगड़ा झटका, शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव की बंपर जीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए निराशाजनक रहे हैं। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन सीट पर समाजवादी पार्टी (SP) के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को करारी शिकस्त दी है। इसके साथ ही वाराणसी खंड स्नातक एमएलसी सीट पर भी सपा प्रत्याशी ने मजबूत बढ़त बना रखी है।

बीते इलेक्शन की तरह इस बार भी समाजवादी पार्टी ने अपने निवर्तमान प्रत्याशियों पर ही दांव खेला था, जो पूरी तरह सफल साबित हुआ। शिक्षक सीट के लिए प्रथम वरीयता की गिनती में सपा के लाल बिहारी यादव ने दबदबा बनाते हुए कुल 10,958 वोट हासिल किए। इसके मुकाबले भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को केवल 6,060 वोट ही मिल सके।

मतगणना के नियमों के तहत जीत के लिए प्रथम वरीयता के कुल वैध मतों के आधे से एक अधिक (11,472) वोट की जरूरत थी। सपा प्रत्याशी इस जादुई आंकड़े से मात्र 514 वोट दूर रह गए थे, जिसके चलते निर्वाचन अधिकारियों को द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती करनी पड़ी, जिसमें लाल बिहारी यादव ने आसानी से जीत का आंकड़ा पार कर लिया। इस चुनाव में 1,441 वोट अवैध भी पाए गए। अन्य निर्दलीय और छोटे दलों के प्रत्याशियों में चेतनारायण सिंह को 3,111 और डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह को 1,088 वोट मिले।

दूसरी ओर, वाराणसी खंड स्नातक सीट की मतगणना में काफी देरी हुई। करीब 13 घंटे तक मतपत्रों की छंटाई और बंडल बनाने का काम चलने के बाद रात 9:30 बजे 14 टेबलों पर दो शिफ्ट में वोटों की गिनती शुरू हो सकी। इस सीट के अंतिम नतीजे बुधवार देर रात तक स्पष्ट होने की संभावना है। आपको बता दें कि लोकल और जियोग्राफिकल लिहाज से वाराणसी एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र बेहद अहम है। इसमें वाराणसी के अलावा चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया सहित कुल आठ जिले आते हैं। इन जिलों के 453 बूथों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें शिक्षक सीट के लिए 69.87 प्रतिशत और स्नातक के लिए 41.11 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। पीएम मोदी के कोर इलाके में सपा की यह जीत यूपी की सियासत में बड़े बदलाव का संकेत दे रही है।