426 करोड़ का मनी ट्रेल और ED का शिकंजा! जेल से निकलते ही क्यों भावुक हुए आजम खान

426 करोड़ का मनी ट्रेल और ED का शिकंजा! जेल से निकलते ही क्यों भावुक हुए आजम खान

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के मामले में विशेष न्यायाधीश (पीएमएलए) कोर्ट नंबर एक ने उन्हें चार दिन की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) हिरासत में भेज दिया है। अदालत के आदेशानुसार यह रिमांड 12 नवंबर की शाम 4:30 बजे से 16 नवंबर की शाम 4:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।

आदेश के बाद ईडी की टीम देर रात करीब आठ बजे आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल से अपनी कस्टडी में लेकर रवाना हो गई। जेल परिसर से बाहर निकलते समय आजम खान का दर्द छलक पड़ा और उन्होंने तंज भरे लहजे में मीडिया से कहा कि बच्चों को पढ़ाने का गुनाह किया है, यूनिवर्सिटी बनाई, स्कूल बनाए, शिक्षा का मंदिर मुसलमान ने बना दिया, शायद यही गलती हुई।

प्रवर्तन निदेशालय ने आजम खान को रामपुर जेल से रिहाई मिलने के तुरंत बाद 30 अक्तूबर को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद गाजियाबाद की विशेष भ्रष्टाचार निवारण अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था। इस दौरान ईडी के अधिकारियों ने धन के व्यापक लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने और मनी ट्रेल की पड़ताल के लिए अदालत में रिमांड अर्जी दाखिल की थी। 

शर्तों के साथ चार दिन की रिमांड मंजूर 

कोर्ट ने केस डायरी और उपलब्ध साक्ष्यों का संज्ञान लेते हुए शर्तों के साथ चार दिन की रिमांड मंजूर कर ली। दूसरी ओर, ईडी की कस्टडी में होने के कारण आजम खान जौहर विश्वविद्यालय के लिए आलियागंज के 27 किसानों की जमीन कब्जाने से जुड़े मामलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश नहीं हो सके, जिसके चलते अदालत ने इस संयुक्त ट्रायल की अगली सुनवाई 30 नवंबर तय कर दी है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने डासना जेल पहुंचकर आजम खान से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि शासन और प्रशासन की ओर से आजम खान का लगातार राजनीतिक उत्पीड़न किया जा रहा है और उन पर दर्ज कराए गए सभी मुकदमे पूरी तरह फर्जी हैं।

उन्होंने कहा कि आजम का एकमात्र दोष यह है कि उन्होंने समाज के गरीब और पिछड़े बच्चों के लिए एक आधुनिक विश्वविद्यालय का निर्माण कराया। इसके साथ ही शिवपाल यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के संभावित गठबंधन पर भी निशाना साधा और कहा कि ये दल असल में भाजपा को हराने के इच्छुक नहीं हैं, बल्कि विपक्ष के वोटों में सेंध लगाने का काम कर रहे हैं।