कब्र में दफन लाश और कपड़ों में छिपा फोन: पत्नी ने जिसे बीमारी बताया, वो निकला खौफनाक कत्ल!
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लोहियानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहउल्लापुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक की मौत को बीमारी या स्वाभाविक बताकर चुपचाप दफना दिया गया था, मगर मोबाइल में मिली कॉल रिकॉर्डिंग और अंतिम तस्वीरों ने पूरे मामले को खौफनाक हत्याकांड में तब्दील कर दिया है। कच्ची जाकिर कॉलोनी निवासी तालिब की 28 सितंबर को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उस वक्त तालिब की पत्नी इलमा ने परिजनों को यकीन दिलाया कि यह सामान्य मौत है। इसके बाद परिवार के लोग शव को पैतृक स्थान मुजफ्फरनगर ले गए और कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। अंतिम संस्कार से पहले परिजनों और रिश्तेदारों ने तालिब के शव की कुछ तस्वीरें भी खींची थीं, जो बाद में इस केस की सबसे बड़ी कड़ी साबित हुईं।
दफनाने के फौरन बाद तालिब के परिजनों को पत्नी इलमा की गतिविधियों पर गहरा संदेह हुआ। आरोप है कि मिट्टी मंजिल होने से पहले ही इलमा घर का कीमती सामान और जेवरात समेटने में जुट गई थी। इसी बीच मोहल्ले के लोगों ने मृतक के चचेरे भाई अकरम को जानकारी दी कि इलमा के इलाके के एक ब्यूटी स्टूडियो संचालक अमन के साथ करीबी रिश्ते हैं और दोनों को अक्सर साथ देखा जाता था। गहराते शक के बीच जब परिजनों ने तालिब का मोबाइल फोन मांगा, तो इलमा ने फोन गुम हो जाने का बहाना बना दिया। परिजनों ने जब घर की बारीकी से तलाशी ली तो 2 अक्टूबर को तालिब का फोन कपड़ों की तहों के बीच छिपा हुआ बरामद हुआ।
मोबाइल अनलॉक होते ही जो तथ्य सामने आए उसने पूरे परिवार के होश उड़ा दिए। मोबाइल की कॉल डिटेल्स, चैट और वॉयस रिकॉर्डिंग्स से इलमा और अमन के बीच की साजिश के चौंकाने वाले संकेत मिले। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार के वक्त खींची गई तस्वीरों को दोबारा गौर से देखा, जिसमें तालिब के गले पर स्पष्ट रूप से संदिग्ध चोट और दबाए जाने के गहरे निशान नजर आए। परिजनों का सीधा आरोप है कि इलमा ने अपने प्रेमी अमन के साथ मिलकर दुपट्टे से गला घोंटकर तालिब की हत्या की और फिर इसे स्वाभाविक मौत बताकर शव दफन करवा दिया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से फैल रहा है, जिसमें कथित तौर पर पत्नी द्वारा वारदात स्वीकार करने का दावा किया जा रहा है।
चचेरे भाई अकरम की तहरीर पर लोहियानगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्नी इलमा और उसके प्रेमी अमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुमित तोमर और सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर के कब्रिस्तान में दबे तालिब के शव को बाहर निकलवाने (Exhumation) के लिए जिलाधिकारी से कानूनी अनुमति मांगी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत की सटीक वजह और गला दबाने की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की भूमिका की सघन जांच कर रही है।