UP में रिश्तों का कत्ल: बीमार पति को छोड़ मृत बेटी के कातिल पति संग भागी सास, जेवरात ले उड़ी; बेटा पहुंचा SP के पास
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाला एक अजीबोगरीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अजगैन कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला अपने गंभीर रूप से बीमार पति को लाचार हालत में छोड़कर अपने ही दामाद के साथ फरार हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि यह दामाद महिला की उसी बेटी का पति है, जिसकी करीब 15 साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या हो चुकी है। घर से भागने से पहले महिला ने अपनी जमीन पोती के नाम ट्रांसफर कर दी और घर में रखे पुश्तैनी सोने-चांदी के गहने भी समेट कर ले गई। इस मामले को लेकर पीड़ित बेटे ने जिले के पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित बेटे ने पुलिस अधीक्षक को दी गई लिखित शिकायत में बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। बेटे के अनुसार, लगभग 15 वर्ष पूर्व उसकी बहन की हत्या उसके ही पति ने कर दी थी। उस वक्त मासूम बच्चों के भविष्य और लोक-लाज के डर से परिवार ने पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया था। मगर बहन की मौत के कुछ समय बाद ही सास और दामाद के बीच नजदीकी बढ़ने लगी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। परिवार के लोगों ने कई बार इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया, मगर महिला ने किसी की नहीं सुनी और निरंतर दामाद के संपर्क में बनी रही।
तैयारी के तहत महिला ने घर छोड़ने से पहले कानूनी दस्तावेज तैयार कराए। जानकारी के अनुसार, उसने 14 सितंबर को अपनी जमीन चुपचाप अपनी पोती के नाम पंजीकृत करवा दी। इसके बाद 2 नवंबर को मौका पाकर वह घर से निकल गई। जब परिजनों ने घर की अलमारियों और लॉकर की जांच की, तो उनके होश उड़ गए। घर में रखे लगभग 80 ग्राम सोने और करीब 2 किलोग्राम चांदी के पुश्तैनी जेवरात गायब थे।
पीड़ित बेटे का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद जब वह अजगैन थाने शिकायत लेकर पहुंचा, तो स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कदम नहीं उठाया। थाने से न्याय न मिलने पर वह सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। एसपी जयप्रकाश सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। उन्होंने स्थानीय पुलिस को तत्काल जांच कर नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। पूरे क्षेत्र में यह घटना चर्चा और कौतूहल का विषय बनी हुई है।