छात्रों पर सियासी दलों की नजर, RLD ने यूपी में बनाया बड़ा प्लान

छात्रों पर सियासी दलों की नजर, RLD ने यूपी में बनाया बड़ा प्लान

देश की राजनीति में छात्र शक्ति और 'Gen-Z' यानी नए दौर के युवा मतदाताओं को अपने पाले में खींचने के लिए सभी प्रमुख सियासी दलों के बीच जबर्दस्त होड़ मची हुई है। हाल के दिनों में नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर से लेकर देशव्यापी स्तर पर युवाओं की एकजुटता और छात्र आंदोलनों के उभार ने सभी राजनीतिक दलों को अपने चुनावी एजेंडे की प्राथमिकता बदलने पर मजबूर कर दिया है।

इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश के कोने-कोने में 'छात्रों की गूंज' संवाद कार्यक्रम चला रहे हैं, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और बीजेपी का पूरा जोर युवाओं से सीधे संपर्क और उनकी समस्याओं के समाधान पर है। इसी रणनीति के तहत मेरठ में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन खुद युवाओं से सीधा संवाद कर चुके हैं।

सपा और बसपा भी संगठन में दे रहे युवाओं को तरजीह

उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी युवाओं के इर्द-गिर्द अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। बसपा जहां अपने संगठन में युवा चेहरों को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपकर नए मतदाताओं को जोड़ने का बड़ा जिम्मा दे रही है, वहीं समाजवादी पार्टी अपनी छात्र इकाई 'सपा छात्र सभा' के जरिए डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के परिसरों में लगातार सम्मेलनों और कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। वास्तव में 2014 के आम चुनाव में नरेंद्र मोदी की उम्मीदवारी के समय से ही सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं को लामबंद करने का जो दौर शुरू हुआ था, वह अब हर दल की पहली रणनीति बन चुका है।

27 सितंबर से आरएलडी का 'कैंपस कनेक्ट' अभियान

युवाओं को संगठन से जोड़ने की इस दौड़ में अब राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। दिल्ली प्रदेश रालोद छात्रसभा के अध्यक्ष अविजीत सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई अहम बैठक में उत्तर प्रदेश रालोद छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के पावन अवसर पर आगामी 27 सितंबर से पूरे प्रदेश में 'कैंपस कनेक्ट' अभियान का आगाज किया जाएगा। इस अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के कॉलेजों में छात्र संवाद, खेलकूद प्रतियोगिताएं और युवा-केंद्रित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि छात्रों की वास्तविक समस्याओं और अपेक्षाओं को सीधे समझा जा सके।

31 अक्टूबर को मेरठ में जुटेगी विशाल छात्र पंचायत

आरएलडी छात्रसभा ने अपने अभियान को मुकाम तक पहुंचाने के लिए एक बड़ा रोडमैप पेश किया है। घोषणा के अनुसार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को मेरठ में एक विशाल 'छात्र पंचायत' का आयोजन किया जाएगा। इस पंचायत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूरे राज्य के छात्र हितों, रोजगार, उच्च शिक्षा की चुनौतियों और स्थानीय मुद्दों पर गहन विमर्श होगा। बैठक में पार्टी नेताओं ने छात्र हितों की आवाज को मजबूती से उठाने, संगठन को कैंपस और जमीनी स्तर तक विस्तार देने और Gen-Z को रालोद से बड़े पैमाने पर जोड़ने का मजबूत संकल्प लिया।