दुगुनी उम्र के शख्स से शादी का दबाव: नाबालिग बहन ने भाई के खिलाफ दर्ज कराई FIR, मांगी सुरक्षा
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुबेहा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 16 साल की किशोरी ने अपने ही सगे भाई पर जबरन अधेड़ उम्र के व्यक्ति से शादी कराने का दबाव बनाने और बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। डरी-सहमी किशोरी ने थाने पहुंचकर पुलिस से अपनी जान बचाने और बाल संरक्षण गृह भेजने की गुहार लगाई है।
पीड़िता का कहना है कि उसका भाई उसकी शादी करीब 35 साल से अधिक उम्र के व्यक्ति से तय कर रहा है, जो उसकी उम्र से दोगुना है। जब उसने इस बेमेल रिश्ते का विरोध किया, तो भाई ने लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गई।
थाने पहुंची किशोरी ने लिखित शिकायत में साफ कहा कि अगर उसे घर वापस भेजा गया तो उसकी हत्या हो सकती है। उसने पुलिस अधिकारियों से कहा कि उसे तुरंत बाल संरक्षण केंद्र भेज दिया जाए ताकि वह सुरक्षित रह सके।
सुबेहा थाना प्रभारी बेचू सिंह यादव के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर मुख्य आरोपी संजय यादव समेत अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और किशोरी की सुरक्षा व उसके संरक्षण से जुड़े कानूनी पहलुओं पर कार्रवाई की जा रही है।