अलीगढ़-मुरादाबाद NH-509 टोल प्लाजा पर बढ़ीं दरें, जानिए अब कितना देना होगा शुल्क
अलीगढ़-मुरादाबाद नेशनल हाईवे 509 पर सफर करने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के लिए एक बड़ी खबर है। गांव मोहम्मद इब्राहिमपुर स्थित टोल प्लाजा से गुजरने पर अब जेब ढीली करनी पड़ेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस रूट पर टोल शुल्क की संशोधित दरें लागू कर दी हैं।
NHAI के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार के अनुसार, यह शुल्क संशोधन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की अधिसूचना के तहत किया गया है और नई दरें 22 जुलाई से प्रभावी हो चुकी हैं।
कार से लेकर भारी वाहनों तक: जानिए किस वाहन का कितना बढ़ा टोल
इस संशोधन में कार, जीप और हल्के मोटर वाहनों की एक तरफ की यात्रा (Single Trip) का शुल्क 80 रुपये ही रखा गया है, जबकि एक ही दिन में आने-जाने (Return Trip) का शुल्क 120 रुपये तय किया गया है। अन्य कमर्शियल और भारी वाहनों के शुल्क में सीधी बढ़ोतरी हुई है।
-
हल्का वाणिज्यिक वाहन (LCV): एकल यात्रा का शुल्क 125 रुपये से बढ़ाकर 130 रुपये और रिटर्न यात्रा 195 रुपये।
-
बस और दो धुरी वाले ट्रक: एकल शुल्क 265 से बढ़कर 275 रुपये और रिटर्न यात्रा 410 रुपये।
-
तीन धुरी वाले कमर्शियल वाहन: एकल शुल्क 290 से बढ़ाकर 300 रुपये और रिटर्न शुल्क 450 रुपये।
-
चार से छह धुरी वाले भारी वाहन: एकल शुल्क 420 से बढ़ाकर 430 रुपये और रिटर्न शुल्क 645 रुपये।
-
सात या उससे अधिक धुरी वाले वाहन: एकल शुल्क 510 से बढ़कर 520 रुपये और रिटर्न यात्रा 785 रुपये।
20 किलोमीटर दायरे के स्थानीय लोगों और पास धारकों के लिए राहत
स्थानीय वाहन मालिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए NHAI ने विशेष रियायत भी दी है। टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-व्यावसायिक (निजी) वाहन स्वामियों के लिए वर्ष 2026-27 के दौरान 360 रुपये का मासिक लोकल पास उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही निजी वाहनों के लिए 3,075 रुपये का वार्षिक पास भी जारी रहेगा।