यूपी पुलिस महकमे में 15 दिन के भीतर दूसरा बड़ा भूकंप! डीके ठाकुर का प्रभार वापस, नए डीजी बनते ही एक्टिव हुए अशोक कुमार सिंह

यूपी पुलिस महकमे में 15 दिन के भीतर दूसरा बड़ा भूकंप! डीके ठाकुर का प्रभार वापस, नए डीजी बनते ही एक्टिव हुए अशोक कुमार सिंह

उत्तर प्रदेश में विजयादशमी के त्योहार के तुरंत बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शासन ने बुधवार को शीर्ष पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के पदों में बड़ा बदलाव किया है। गृह विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, 1994 बैच के सीनियर आईपीएस अधिकारी ध्रुव कांत (डीके) ठाकुर से पुलिस महानिदेशक (नागरिक सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। डीके ठाकुर अब पूर्ण रूप से डीजी होमगार्ड्स, उत्तर प्रदेश के दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

वहीं 1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अफसर अशोक कुमार सिंह को नागरिक सुरक्षा विभाग की नई कमान सौंपी गई है। अशोक कुमार सिंह अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ में डीजी और सदस्य सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे, जहां से स्थानांतरित कर उन्हें डीजी नागरिक सुरक्षा बनाया गया है।

इससे ठीक पहले 7 अक्टूबर को भी राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर फेरबदल करते हुए 10 जिलों के पुलिस कप्तानों (एसपी) सहित कुल 20 आईपीएस अफसरों के तबादले किए थे। उस फेरबदल में तकनीकी सेवाएं के एडीजी भगवान स्वरूप श्रीवास्तव को एडीजी क्राइम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था, जो पहले एडीजी यातायात ए. सतीश गणेश के पास था।

7 अक्टूबर की उस सूची में कई जिलों की कमान नए चेहरों को सौंपी गई थी। नवपदोन्नत आईपीएस अफसरों में डीजीपी के स्टाफ अफसर पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का नया एसपी बनाया गया था, जबकि आजमगढ़ के एएसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह को हापुड़ और मथुरा के एएसपी सुरेश चन्द्र रावत को जालौन का एसपी नियुक्त किया गया था।

जिलेवार फेरबदल के तहत लखनऊ कमिश्नरेट की डीसीपी रवीना त्यागी को बाराबंकी की कमान दी गई, जबकि बस्ती के एसपी यशवीर सिंह को जौनपुर, जौनपुर एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पीएसी मुख्यालय और मुजफ्फरनगर एसएसपी संजय कुमार को प्रयागराज में चौथी वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया। बलिया एसपी ओमवीर सिंह को बस्ती भेजा गया, हापुड़ एसपी कुंवर ज्ञानन्जय सिंह को प्रयागराज कमिश्नरेट में डीसीपी नियुक्त किया गया और मऊ एसपी कमलेश बहादुर को एसपी लोक शिकायत बनाया गया।

इसी क्रम में गाजीपुर एसपी ईरज राजा को बलिया, बाराबंकी एसपी अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ कमिश्नरेट में डीसीपी, सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ एसपी, विनय कुमार सिंह को गाजीपुर एसपी और बागपत एसपी सूरज कुमार राय को एसएसपी मुजफ्फरनगर के पद पर भेजा गया। आजमगढ़ ग्रामीण के एसपी चिराग जैन को बरेली का नया एसपी सिटी, बरेली के एसपी सिटी मानुष पारिक को एसपी सिटी आजमगढ़ तथा हरदोई के एएसपी आलोक राज नारायण को अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा बनाया गया था।