फोन करके सुनसान रास्ते पर बुलाया, फिर लूटी आबरू; रांची में 17 वर्षीय छात्रा के मर्डर का रोंगटे खड़े करने वाला खुलासा

फोन करके सुनसान रास्ते पर बुलाया, फिर लूटी आबरू; रांची में 17 वर्षीय छात्रा के मर्डर का रोंगटे खड़े करने वाला खुलासा

झारखंड की राजधानी रांची के मुरी ओपी अंतर्गत सिल्ली क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और गला दबाकर हत्या की दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भागवत महतो उर्फ भगवान दास (निवासी मारदू गांव) को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े अहम साक्ष्य, मोबाइल फोन और कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

डीएसपी मनीष चंद्रलाल ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घटनाक्रम के अनुसार, पीड़िता बीते 18 अक्टूबर की रात गांव में आयोजित मेला देखकर घर लौट रही थी, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं पहुंची। परिजनों की खोजबीन के बाद अगली सुबह उसका शव छापरगढ़ा के घने जंगल से बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी, जिससे पूरे सिल्ली इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था।

तनावपूर्ण स्थिति और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित गति से स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया। एसआईटी ने इलाके में छापेमारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो दिनों के भीतर आरोपी भगवान दास को दबोच लिया। आरोपी ने पुलिसिया पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने पहले किशोरी को फोन कर सुनसान रास्ते पर बुलाया था। वहां उसने पीड़िता के साथ ज्यादती की और फिर भेद खुलने के डर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने पहचान छिपाने के इरादे से शव को जंगल में फेंक दिया और फरार हो गया।

इस जटिल ब्लाइंड केस को सुलझाने के लिए मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान, सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिन-रात एक किया। साक्ष्य संकलन के लिए रांची पुलिस केंद्र की स्निफर डॉग टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की मोबाइल वैन यूनिट को भी मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक सबूत जुटाए गए। पुलिस का कहना है कि पुख्ता चार्जशीट तैयार कर आरोपी को अदालत से सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।