दिवाली-छठ पर चंडीगढ़-बरौनी के बीच दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन, यूपी-बिहार के यात्रियों को राहत; यहां देखें पूरा टाइम टेबल

दिवाली-छठ पर चंडीगढ़-बरौनी के बीच दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन, यूपी-बिहार के यात्रियों को राहत; यहां देखें पूरा टाइम टेबल

दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी सहूलियत दी है। त्योहारों के मौके पर चंडीगढ़ से बरौनी के बीच वाया गोरखपुर एक साप्ताहिक आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। गाड़ी संख्या 04536/04535 चंडीगढ़-बरौनी-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन के संचालन से पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले प्रवासियों को घर पहुंचने में काफी आसानी होगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ से 23 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को रवाना होगी, जबकि बरौनी से 25 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक हर रविवार को चलाई जाएगी।

समय सारणी की बात करें तो गाड़ी संख्या 04536 चंडीगढ़ से रात 23:45 बजे प्रस्थान करेगी। यात्रा के दूसरे दिन यह ट्रेन अंबाला कैंट (00:45), यमुनानगर जगाधरी (01:30), सहारनपुर (02:15), मुरादाबाद (05:43), बरेली (07:02), शाहजहांपुर (08:10), सीतापुर (10:20), गोंडा (13:40), गोरखपुर (17:00), देवरिया सदर (18:05), सीवान (19:10), छपरा (20:30), सोनपुर (21:50), हाजीपुर (22:05) और शाहपुर पटोरी (23:02) होते हुए तीसरे दिन रात 00:30 बजे बरौनी जंक्शन पहुंचेगी। वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 04535 बरौनी से रात 02:35 बजे छूटेगी और शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान, देवरिया सदर से होकर सुबह 10:20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली (19:20), मुरादाबाद (21:00) से होते हुए दूसरे दिन तड़के सहारनपुर, यमुनानगर जगाधरी और अंबाला कैंट के रास्ते सुबह 03:35 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।

वहीं दूसरी तरफ, रेल ट्रैक मेंटेनेंस के चलते उत्तर प्रदेश के कई रूटों पर ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मुरादाबाद, लखनऊ और गोरखपुर रेल मंडलों में चल रहे मेगा ब्लॉक के कारण बरेली जंक्शन पर मंगलवार को कई प्रमुख गाड़ियां घंटों की देरी से पहुंचीं, जिससे मुसाफिरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लेटलतीफी के चलते (04732) श्रीगंगानगर स्पेशल 5 घंटे, (04603) कटरा स्पेशल 3 घंटे, (04028) मुजफ्फरपुर 3 घंटे, (15128) काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 2 घंटे और (12584) डबल डेकर स्पेशल 1 घंटे की देरी से आई। रेलवे इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों के अनुसार आगामी सर्दियों में कोहरे के चलते मरम्मत कार्य प्रभावित न हों, इसलिए 15 नवंबर से पहले बड़े स्तर पर ट्रैक मेंटेनेंस के काम पूरे किए जा रहे हैं।