16 साल छोटे देवर से अफेयर का शक! पति से खूनी विवाद के बाद 2 मासूम बच्चों संग कुएं में कूदी मां, तीनों की मौत से कोहराम
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जनपद से पारिवारिक कलह और अवैध संबंधों के शक में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बानपुर थाना क्षेत्र के टीकरा तिवारी गांव में 16 साल छोटे देवर के साथ कथित प्रेम प्रसंग को लेकर पति-पत्नी के बीच उपजे भारी विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी।
पानी में डूबने से मां समेत दोनों बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों शवों को बाहर निकाला। इस रूह कंपा देने वाली त्रासदी के बाद पूरे गांव में मातम और कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, टीकरा तिवारी गांव निवासी बालकिशन कुशवाहा की 32 वर्षीय पत्नी पूजा का सोमवार देर रात अपने पति से किसी बात को लेकर तीखा झगड़ा हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने उसके साथ मारपीट कर दी। परिजनों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ और सभी लोग सोने चले गए। पूजा अपने पति और दो छोटे बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी, जबकि उसका बड़ा बेटा दादा के पास था। देर रात करीब 2 बजे जब बालकिशन की आंख खुली तो कमरे से पत्नी और दोनों बच्चे गायब मिले। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो घर के पीछे स्थित कुएं के पास महिला और बच्चों की चप्पलें पड़ी दिखीं और कुएं में कपड़ा तैरता नजर आया, जिसके बाद तत्काल डायल 112 और बानपुर थाना पुलिस को खबर दी गई।
कल सवेरे पुलिस बल के साथ दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और कुएं में कांटा डालकर शवों को निकालने की मशक्कत शुरू की गई। कड़ी मशक्कत के बाद महिला और एक बच्चे का शव निकाल लिया गया, जबकि तीसरे बच्चे का शव कुएं का पानी खाली कराने के बाद बरामद हुआ।
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 20 अक्टूबर को पीआरवी के जरिए टीकरा तिवारी गांव में बालकिशन कुशवाहा की पत्नी पूजा द्वारा अपने दो बच्चों लक्ष्य और पूर्वी के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला का परिवार के ही 16 साल छोटे देवर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी भनक लगने पर पति-पत्नी के बीच हिंसक विवाद हुआ था। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी कानूनी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।