मेरठ में कांवड़ियों के दो गुट भिड़े, वायरल वीडियो पर पुलिस का बड़ा खुलासा; UP में ट्रैफिक अलर्ट और स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश के मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार को सड़क हादसे के बाद दो कांवड़िया गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है।
वीडियो में कुछ लोग पुलिस की जीप के पास एक युवक को थप्पड़, लात-घूंसों और डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
वायरल दावों पर मेरठ पुलिस ने दी सफाई
घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ दिए। हालांकि मेरठ पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है।
मेरठ पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि पुलिसकर्मियों की पिटाई या उनके कपड़े फाड़े जाने जैसी बातें तथ्यहीन हैं। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाला युवक सोनू बाइक से जा रहा था, तभी उसकी बाइक हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िया की बाइक से टकरा गई। इसी टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ।
पुलिस ने बताया कि युवक का चिकित्सकीय परीक्षण करा दिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी ने क्या बताया?
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि विवाद दो कांवड़ियों की बाइकों की टक्कर के कारण हुआ। सूचना मिलते ही सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर भी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
कांवड़ यात्रा के चलते पश्चिमी यूपी में ट्रैफिक प्रतिबंध
वार्षिक कांवड़ यात्रा को देखते हुए 4 अगस्त से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया है।
मुजफ्फरनगर में दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) और गंगा नहर रोड पर 4 अगस्त से सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। पुलिस ने लोगों से यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने की अपील की है।
गाजियाबाद में 12 अगस्त तक स्कूल और कॉलेज बंद
कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों को 12 अगस्त तक बंद रखने का फैसला किया है। यह आदेश छात्रों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जारी किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश के अनुसार बेसिक शिक्षा बोर्ड, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड तथा अन्य सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों के नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूल 4 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक बंद रहेंगे।