UP Election 2027: कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें, भड़की सपा बोली- 50 के भी लायक नहीं!

UP Election 2027: कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें, भड़की सपा बोली- 50 के भी लायक नहीं!

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने से पहले ही इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख घटक दलों, समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल को लेकर तकरार तेज हो गई है। कांग्रेस ने राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर दावेदारी ठोक दी है। इस भारी-भरकम मांग पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा ऐतराज जताया है। सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस की मौजूदा ताकत को देखते हुए वह 50 सीटों के लायक भी नहीं है, ऐसे में 181 सीटों की मांग पूरी तरह गलत है।

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में पटेल ने साफ किया कि कांग्रेस ने भले ही 181 सीटों की सूची सौंपी हो, लेकिन गठबंधन का फॉर्मूला अभी तय नहीं हुआ है। सपा सांसद ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस अंततः 50 से 65 सीटों के दायरे में मान जाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए याद दिलाया कि यूपी विधानसभा में फिलहाल कांग्रेस के पास सिर्फ दो विधायक हैं, जबकि सपा का जमीनी संगठन बेहद मजबूत है। शिवपाल पटेल ने आगाह किया कि कांग्रेस को जरूरत से ज्यादा सीटें देना केवल संसाधनों की बर्बादी होगी।

सपा सांसद ने कार्यकर्ताओं की भावना का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी के जमीनी काडर ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायतों और कड़ी मेहनत के जरिए पूरे प्रदेश में जनता का भरोसा जीता है। अगर कांग्रेस को बिना आधार के सीटें बांटी गईं, तो इसका सीधा असर कार्यकर्ताओं के मनोबल पर पड़ेगा और चुनावी नतीजे भी प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने साफ किया कि गठबंधन में आपसी समन्वय जरूरी है, लेकिन कोई भी फैसला जमीनी हकीकत को नजरअंदाज करके नहीं लिया जाएगा।

सीटों के इस विवाद को सुलझाने के लिए दोनों दलों के वरिष्ठ नेता 17 नवंबर को औपचारिक बातचीत की मेज पर बैठ सकते हैं। कांग्रेस के यूपी चुनाव प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि करीब 180 सीटों की सूची सपा को दे दी गई है और 17 नवंबर को संभावित कई दौर की बैठकों में गठबंधन की रूपरेखा तय कर ली जाएगी। दूसरी तरफ, सपा सांसद पटेल का कहना है कि चाहे बातचीत का जो भी नतीजा निकले, अंतिम फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही करेंगे।

इससे पहले खुद अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया था कि कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग जरूर रखी है, लेकिन इंडिया गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और उनका साझा लक्ष्य केवल भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। अखिलेश ने भरोसा जताया कि दोनों दलों के रिश्ते मजबूत हैं और आपसी समझ से फैसला होगा। गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इस गठबंधन ने यूपी की 80 में से 43 सीटें जीती थीं, जिसमें सपा के 37 और कांग्रेस के 6 सांसद जीते। हालांकि, विधानसभा के आंकड़े बिल्कुल अलग हैं; 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 399 सीटों पर लड़कर महज 2 सीटें जीत पाई थी, जबकि सपा ने अकेले 111 सीटों पर परचम लहराया था।