कुशीनगर में NH-28 पर ट्रेलर से टकराई वैन, 6 की मौत; सुल्तानपुर में हर्ष फायरिंग ने ली मासूम की जान

कुशीनगर में NH-28 पर ट्रेलर से टकराई वैन, 6 की मौत; सुल्तानपुर में हर्ष फायरिंग ने ली मासूम की जान

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद में नेशनल हाईवे 28 पर देर रात हुए एक रूह कंपा देने वाले सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास उस वक्त हुआ जब सवारियों से भरी एक मारुति ओमनी वैन अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार आठ में से छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गैस कटर और औजारों के सहारे क्षतिग्रस्त गाड़ी को काटकर शवों को बाहर निकाला।

मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं, जो कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पूरा परिवार एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था। वैन में फंसे दो घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और घायलों को समुचित निशुल्क इलाज मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।

दूसरी तरफ, यूपी के सुल्तानपुर जिले से हर्ष फायरिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां रविवार शाम शादी के जश्न के दौरान चली गोली ने पांच साल के मासूम की जिंदगी छीन ली। घटना कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के फुटेहरी बांके गांव की है, जहां बारात निकलने से ठीक पहले रिश्तेदार अजय द्वारा खुशी में लाइसेंसी असलहे से की गई फायरिंग मासूम अर्श पटेल के सीने में जा लगी।

गोली लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। बच्चे की मां अमृता पटेल और परिजन उसे तुरंत लहूलुहान हालत में कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक डॉक्टरों ने बच्चे को सुल्तानपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सर्कल ऑफिसर (सीओ) विनय गौतम ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।