भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र की पत्नी का निधन, CM योगी ने जताया गहरा दुख
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन हो गया है। इस दुखद समाचार की जानकारी खुद कलराज मिश्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक अत्यंत भावुक संदेश साझा करते हुए दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनकी धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा आज अपनी सांसारिक जीवन यात्रा पूर्ण कर ईश्वर के श्रीचरणों में विलीन हो गई हैं।
उन्होंने प्रभु से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्राप्त हो। इस दुखद खबर के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों और भाजपा परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी विनम्र श्रद्धांजलि, परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना
सत्यवती मिश्रा के निधन की खबर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख प्रकट किया है। सीएम योगी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को इस अपार व असहनीय दुःख को सहन करने का संबल देने के लिए प्रभु श्री राम से विनम्र प्रार्थना की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जताया शोक, ईश्वर से की प्रार्थना
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी इस दुखद घड़ी में वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। डिप्टी सीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान मिले और संकट की इस घड़ी में शोकाकुल परिजनों को इस अथाह पीड़ा को सहने का धैर्य व आत्मबल प्राप्त हो।