उत्तराखंड में मंडराया बड़ा खतरा, इन जिलो में अगले 5 दिनों तक होगी झमाझम बारिश

उत्तराखंड में मंडराया बड़ा खतरा, इन जिलो में अगले 5 दिनों तक होगी झमाझम बारिश

देवभूमि उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर से तेवर दिखाने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक राज्यभर में अगले पांच दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने की पूरी संभावना है।

मौसम विभाग ने आगामी 7 अगस्त से 13 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। खास तौर पर 9 से 11 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में और अधिक तेजी आने की आशंका जताई गई है, जिसे देखते हुए कई जिलों में भारी बारिश, भूस्खलन (Landslide) और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का येलो अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में बारिश का अलग-अलग असर देखने को मिलेगा।

  • अगले 24 घंटे: उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक और तीव्र बौछारों की चेतावनी दी गई है, जबकि हरिद्वार में भी आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

  • 8 अगस्त: रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

  • 9 अगस्त: देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश हो सकती है।

  • 10 और 11 अगस्त: देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत और उत्तरकाशी जिलों में झमाझम बारिश के आसार हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों के लिए चेतावनी और सुरक्षा निर्देश जारी

लगातार हो रही इस मूसलाधार बारिश के चलते संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में हल्के से मध्यम भूस्खलन, चट्टानें खिसकने, सड़कों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर मलबा आने, नदी-नालों के उफान पर रहने तथा निचले इलाकों में जलभराव की आशंका बढ़ गई है।

प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों को सलाह दी है कि वे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। आकाशीय बिजली कड़कने के दौरान लोगों से घरों के भीतर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की अपील की गई है। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार फिलहाल राज्य का कोई भी क्षेत्र फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) के लिहाज से खतरे की श्रेणी में नहीं है।

Latest Posts