अंतरिक्ष में तैर रहा है जानलेवा कचरा! करोड़ों के सैटेलाइट्स पर मंडराया महा-संकट, टकराया तो मचेगी भारी तबाही

अंतरिक्ष में तैर रहा है जानलेवा कचरा! करोड़ों के सैटेलाइट्स पर मंडराया महा-संकट, टकराया तो मचेगी भारी तबाही

धरती की कक्षा में चक्कर काट रहे निष्क्रिय रॉकेट और उपग्रहों के कुछ सेंटीमीटर के बारीक टुकड़े भी अंतरिक्ष में मौजूद करोड़ों रुपये के सक्रिय उपग्रहों के लिए काल साबित हो सकते हैं। तेज गति से उड़ रहे इस जानलेवा मलबे और उपग्रहों के संभावित टकराव से निपटने के लिए अब उत्तराखंड के नैनीताल से 24 घंटे पैनी नजर रखी जाएगी। इस मिशन के तहत भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) ने हाथ मिलाया है। संस्थान के मनोरा पीक पर स्थापित ऐतिहासिक बेकर-नन श्मिट दूरबीन को आधुनिक वैज्ञानिक जरूरतों के हिसाब से नए सिरे से अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि अंतरिक्ष में निष्क्रिय पड़े उपग्रहों, रॉकेट बॉडी और मानव निर्मित अन्य अवशेषों की सटीक टोह ली जा सके।

एरीज के निदेशक डॉ. मनीष नाजा के अनुसार, यह पूरी व्यवस्था इसरो के महत्वाकांक्षी 'नेत्र' (NETRA - नेटवर्क फॉर स्पेस ऑब्जेक्ट ट्रैकिंग एंड एनालिसिस) प्रोजेक्ट का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मनोरा पीक की यह दूरबीन अंतरिक्ष में मौजूद कृत्रिम वस्तुओं की हाई-रिजॉल्यूशन ऑप्टिकल निगरानी करेगी। इससे मिलने वाले विजुअल डेटा और तस्वीरों के जरिए कचरे की सटीक स्थिति, गति और उसके परिक्रमा पथ (ऑर्बिट) का वास्तविक समय में विश्लेषण संभव होगा, जिससे यह तय किया जा सकेगा कि कौन सा मलबा कब किस संचार या मौसम उपग्रह की राह में रुकावट बनकर टकरा सकता है। यह कदम भारत की स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस (SSA) क्षमता को जमीन पर मजबूत मजबूती प्रदान करेगा।

अंतरिक्ष में बढ़ती भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2025 के दौरान अंतरिक्ष पिंडों की हलचल को लेकर लगभग 1.60 लाख क्लोज अप्रोच (निकट पहुंच) अलर्ट जारी किए गए थे। इस भयावह खतरे को देखते हुए भारत ने साल 2030 तक सरकारी और निजी दोनों स्तरों पर 'मलबा मुक्त अंतरिक्ष' (Debris Free Space Missions) हासिल करने का कड़ा लक्ष्य तय किया है। इसके अंतर्गत मिशन की मियाद पूरी होते ही उपग्रहों और रॉकेट बूस्टरों को सुरक्षित रूप से नष्ट करने पर काम चल रहा है, वहीं हैदराबाद स्थित निजी स्टार्टअप 'कॉसमोसर्व स्पेस' अंतरिक्ष मलबे को हटाने और इन-ऑर्बिट सर्विसिंग की अत्याधुनिक तकनीकों को विकसित करने में जुटी है।