जेल में बंद बेटे को बचाने के लिए पिता ने चली ऐसी चाल? अंकिता केस में फिर गरमाई सियासत
उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे मुख्य अभियुक्त पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर दावा किया कि अंकिता की हत्या उनके बेटे ने नहीं की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता अपने पुरुष मित्र और परिवार के उत्पीड़न से परेशान थी, जिसके चलते उसने आत्महत्या की। अपनी दलीलों के समर्थन में विनोद आर्य ने मीडिया के सामने अंकिता और उसके मित्र के बीच की कथित बातचीत के करीब 4000 पन्नों के व्हाट्सएप चैट प्रिंटआउट भी सार्वजनिक किए। साथ ही उन्होंने मामले की जांच करने वाली एसआईटी (SIT) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इस चैट को जांच का हिस्सा बनाने और अंकिता के परिजनों व मित्र पर कार्रवाई करने की मांग उठाई।
विनोद आर्य के इस बयान और निजी चैट सार्वजनिक करने के कदम पर विपक्षी कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पहले बेटे ने देवभूमि की निर्दोष बेटी की जान ली और अब पिता सार्वजनिक मंचों से उसके चरित्र पर लांछन लगाकर चरित्र हनन की घिनौनी कोशिश कर रहे हैं। माहरा ने याद दिलाया कि जिस बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए पूरा उत्तराखंड सड़कों पर उतर आया था, आज एक सजायाफ्ता मुजरिम का पिता उसी बेटी, उसके शोकाकुल माता-पिता और दोस्त की गरिमा पर सवाल खड़े कर रहा है, जिसे समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
उधर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ किया कि कोई भी व्यक्ति अपने बचाव में कुछ भी कह सकता है, लेकिन सच यह है कि मुख्य अभियुक्त जेल में बंद है और कानून अपना काम कर रहा है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भट्ट ने कहा कि विनोद आर्य के बयानों पर पार्टी को कोई टिप्पणी नहीं करनी है। उन्होंने दोहराया कि अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर फैसला सुनाया है और गुनहगार अपनी सजा भुगत रहे हैं।
दूसरी तरफ, सामाजिक संगठन 'पहाड़ी महासभा' ने विनोद आर्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास और महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सरिता पुरोहित ने कहा कि अंकिता पूरे उत्तराखंड की बेटी है और उसकी निजी बातचीत को इस तरह सार्वजनिक करना निजता और मानवीय गरिमा का सीधा हनन है। उन्होंने सवाल किया कि एक मृत युवती की गोपनीय चैट विनोद आर्य के हाथों में कैसे पहुंची। महासभा ने इसे न्याय प्रक्रिया से ध्यान भटकाने की साजिश बताते हुए विनोद आर्य पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। बता दें कि 18 सितंबर 2022 को ऋषिकेश के वंतारा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट अंकिता की हत्या के जुर्म में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को अदालत द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है।